चित्तोडगढ में हाईवे पर अवैध पार्किंग पर पुलिस का शिकंजा, 15 दिनों में 62 ट्रकों पर कार्रवाई

गश्त एवं विशेष प्रवर्तन अभियान 
 | 
Chittorgarh News

 

 

Udaipur Times, Chittorgarh News: 16 जुलाई 2026। जिला यातायात पुलिस द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित एवं दुर्घटनारहित बनाए रखने के उद्देश्य से नियमित गश्त एवं विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार चलाया जा रहा है।  

पुलिस उप अधीक्षक यातायात भूराराम खिलेरी ने बताया कि हाईवे किनारे संचालित ट्रांसपोर्ट कार्यालयों पर बिल, बिल्टी, भुगतान एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताओं के लिए कई बार ट्रक सड़क किनारे अथवा नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े कर दिए जाते हैं। इससे यातायात बाधित होने के साथ-साथ दुर्घटना की संभावना भी बढ़ जाती है तथा अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

यातायात नियमों की प्रभावी पालना सुनिश्चित कराने के लिए नियमित गश्त एवं प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पिछले 15 दिनों के दौरान नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े 62 ट्रकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। यातायात पुलिस द्वारा ऐसे स्थानों को चिन्हित कर निरंतर निगरानी रखी जा रही है तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस उप अधीक्षक यातायात  ने ट्रांसपोर्ट संचालकों, वाहन मालिकों एवं चालकों से अपील की है कि बिल, बिल्टी अथवा भुगतान संबंधी कार्यों के लिए अपने वाहनों को हाईवे अथवा नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़ा न करें। वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें एवं यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करें। हाईवे पर अनधिकृत पार्किंग न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आमजन के जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करती है। सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की विशेष प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News