हरियाणा में नागरिक ऑनलाइन और BLO के पास जमा करवा सकते हैं दावे एवं आपत्तियां, 30 सितंबर रहेगी अंतिम तारीख

 | 
हरियाणा में नागरिक ऑनलाइन और BLO के पास जमा करवा सकते हैं दावे एवं आपत्तियां, 30 सितंबर रहेगी अंतिम तारीख 

Udaipur Times, Haryana News, भिवानी : डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी साहिल गुप्ता ने कहा कि एसआईआर अभियान के तहत नागरिक ऑनलाइन और अपने-अपने बीएलओ के पास दावे एवं आपत्तियां जमा करवा सकते हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा किए गए संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावे एवं आपत्तियां 30 सितंबर 2026 तक दाखिल की जा सकेंगी। इसके साथ ही दावे एवं आपत्तियों का निपटारा 31 जुलाई से 28 अक्टूबर तक करना होगा और मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन अब 6 नवंबर को होगा।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करने और सूची में दर्ज मतदाताओं के विवरण को त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से आयोग की गाइडलाईन के अनुसार कार्य किया जा रहा है। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो फॉर्म-6 के माध्यम से नाम शामिल करवाने के लिए आवश्यक दस्तावेजों तथा घोषणा-पत्र सहित दावा प्रस्तुत किया जा सकता है।

डीसी ने जिला के सभी नागरिकों से अपील है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण अवश्य जांच लें। किसी प्रकार की गलती होने पर निर्धारित अवधि में दावा या आपत्ति दर्ज करवाएं। किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए नागरिक अपने बीएलओ, इआरओ, एईआरओ से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा  ईसीआईनेट एप पर बुक ए काल सुविधा अथवा मतदाता हेल्पलाइन 1950 के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। वहीं दूसरी और हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को एसआईआर से संबंधित जरूरी निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देश दिए है कि वे भारत निर्वाचन आयोग की गाईडलाईन के अनुरूप कार्य करें।  

- छह लाख 13 हजार 553 मतदाताओं को अंतिम प्रकाशन के लिए किया जा चुका है वैरीफाई

जिला निर्वाचन अधिकारी  ने जानकारी देते हुए बताया कि 22, 23, 29 और 30 अगस्त को विशेष अभियान की तारीखों में जिला भिवानी में फार्म छह के कुल 3927 आवेदन नए वोट के प्राप्त हुए हैं। इसी प्रकार से फार्म सात यानि वोट कटवाने के कुल 421 तथा फार्म आठ यानि त्रुटि ठीक करवाने के लिए कुल 3249 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि जिले में एक लाख 57 हजार 488 नोटिस जारी किए जाने हैं, जिनमें से केवल 1227 नोटिस बकाया हैं। उन्होंने बताया कि छह लाख 13 हजार 553 मतदाताओं को अंतिम प्रकाशन के लिए वैरीफाई किया जा चुका है और शेष की प्रक्रिया जारी है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News