हरियाणा में नागरिकों को अब नहीं झेलनी पड़ेगी परेशानी ! ऑटो म्यूटेशन प्रणाली के तहत फटाफट होगा इंतकाल
Udaipur Times, Haryana News, झज्जर, : डीसी वर्षा खांगवाल ने गुरुवार को लघु सचिवालय स्थित अंत्योदय सरल केंद्र का दौरा कर नागरिक सुविधाओं एवं सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान सरल केंद्र में आमजन को दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता, पारदर्शिता तथा समयबद्धता की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा शुरू की गई ऑटो म्यूटेशन प्रणाली के तहत इंतकाल दर्ज किए जाएं, अगर किसी प्रकार की कोई तकनीकी अड़चनें हैं तो उन्हें तुरंत दूर किया जाए।
अंत्योदय सरल केंद्र सरकार और आमजन के बीच मजबूत कड़ी
डीसी ने कहा कि अंत्योदय सरल केंद्र सरकार और आमजन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ लेने के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक नागरिक को बिना किसी परेशानी के निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीसी वर्षा खांगवाल ने निरीक्षण के दौरान ऑटो म्यूटेशन व पेपरलेस रजिस्ट्रेशन प्रणाली, टोकन व्यवस्था, जमाबंदी सेवाएं, प्रतीक्षा कक्ष, बैठने की व्यवस्था, हेल्प डेस्क, सूचना पट्ट, साफ-सफाई तथा विभिन्न सेवा काउंटरों की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया।
डीसी ने कहा कि अंत्योदय सरल केंद्र की कार्यप्रणाली जितनी अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह होगी, उतना ही नागरिकों का प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत होगा। उन्होंने बिजली बैकअप, आईटी सिस्टम की सुचारू कार्यप्रणाली तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
सरकारी सेवाओं और योजनाओं की हो प्रभावी मोनिटरिंग
डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरल केंद्र के माध्यम से प्रदान की जा रही सेवाओं और योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। नागरिकों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर सेवाओं में निरंतर सुधार लाते हुए प्रशासनिक सेवाओं को और अधिक जनहितैषी बनाया जाए।
