हरियाणा के नागरिकों को अब नहीं काटने पड़ेंगे दफ्तरों के चक्कर ! पेपरलेस रजिस्ट्रेशन होगा शुरू

 | 
हरियाणा के नागरिकों को अब नहीं काटने पड़ेंगे दफ्तरों के चक्कर ! पेपरलेस रजिस्ट्रेशन होगा शुरू 

Udaipur Times, Haryana News, हिसार : हिसार की सभी तहसील व सब तहसील में ऑटो म्यूटेशन सिस्टम तथा पेपरलेस रजिस्ट्रेशन 2.0 का शुभारंभ होने जा रहा है। राजस्व सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सरल एवं नागरिक हितैषी बनाने की दिशा में हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी वर्चुअल माध्यम से मंगलवार को इसका शुभारंभ करेंगे। उपायुक्त महेंद्र पाल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तर पर भी कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं व्यापक जन-जागरूकता के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

ऑटो म्यूटेशन सिस्टम लागू होने से संपत्ति पंजीकरण के उपरांत नामांतरण (म्यूटेशन) की प्रक्रिया स्वतः और अधिक त्वरित रूप से संपन्न होगी, जिससे नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। वहीं पेपरलेस रजिस्ट्रेशन 2.0 के माध्यम से पंजीकरण प्रक्रिया को पूर्णतः डिजिटल, पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाया जाएगा।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन नागरिक-केंद्रित पहलों की जानकारी अधिकतम लोगों तक पहुंचाई जाए। इसके अतिरिक्त लंबित म्यूटेशन मामलों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए हैं कि पुराने लंबित मामलों, विशेषकर सरल प्रकृति के म्यूटेशन प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि लंबित मामलों की संख्या को न्यूनतम स्तर तक लाने के लिए विशेष अभियान चलाकर अधिकतम मामलों का निपटारा सुनिश्चित करें। उपायुक्त महेंद्र पाल ने कहा कि इन नई व्यवस्थाओं से राजस्व सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी, प्रक्रियाओं में तेजी आएगी तथा आम नागरिकों को बेहतर और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News