हरियाणा में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कामन काडर से निकल सकेंगे बाहर
Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा में नियुक्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को कामन काडर से बाहर निकलने का मौका मिलेगा। ऐसे कर्मचारी छह से 20 जुलाई तक पोर्टल के माध्यम से कामन काडर में बने रहने अथवा उससे बाहर निकलने का विकल्प दर्ज कर सकेंगे। यदि कोई पात्र कर्मचारी निर्धारित अवधि के भीतर अपना विकल्प दर्ज नहीं करता है, तो उसे कामन काडर में बने रहने की सहमति माना जाएगा।
मुख्य सचिव ने विभागाध्यक्षों और प्रशासनिक सचिवों को पत्र जारी कर दिया है। विकल्प दर्ज करने की प्रक्रिया ओटीपी आधारित पोर्टल के माध्यम से पूरी की जाएगी। कर्मचारी केवल मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली में पंजीकृत अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से ही पोर्टल पर लाग-इन कर सकेंगे। कामन काडर में बने रहने का विकल्प चुनने वाले कर्मचारी हरियाणा ग्रुप-डी कर्मचारी अधिनियम-2018 के प्रविधानों के अधीन रहेंगे।
