बारिश में भी जरूरी है सोलर पैनल की सफाई, नहीं तो होगा ये भारी नुकसान
Udaipur Times, Solar Panel Cleaning Tips : देशभर में मानसून की बारिश शुरू हो चुकी है। ऐसे में जिन घरों और संस्थानों में सोलर पैनल लगे हैं, उनके मन में अक्सर यह सवाल आता है कि क्या बारिश होने से सोलर पैनल पूरी तरह साफ हो जाते हैं या फिर अलग से सफाई करना जरूरी होता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, बारिश धूल-मिट्टी जरूर हटाती है, लेकिन पैनल की पूरी सफाई के लिए केवल बारिश पर निर्भर रहना सही नहीं है।
क्या बारिश से पूरी तरह साफ हो जाते हैं सोलर पैनल?
बारिश का पानी पैनल पर जमी हल्की धूल और कुछ कचरे को साफ कर देता है, लेकिन जिद्दी गंदगी, दाग और अन्य जमाव नहीं हटते। इसके अलावा बारिश के पानी में मौजूद धूल, प्रदूषक और मिनरल्स सूखने के बाद पैनल पर निशान छोड़ सकते हैं, जिससे सूरज की रोशनी सीधे पैनल तक नहीं पहुंच पाती और बिजली उत्पादन प्रभावित हो सकता है।
बारिश के बाद भी क्यों जरूरी है सफाई?
बारिश के मौसम में हवा में नमी बढ़ने से कई क्षेत्रों, खासकर केरल, गोवा और पूर्वोत्तर राज्यों में सोलर पैनलों पर फफूंदी, काई (Algae) और लाइकेन जमने का खतरा रहता है। ये परतें बारिश से नहीं हटतीं और पैनल की कार्यक्षमता कम कर सकती हैं। इसलिए बारिश के मौसम में भी समय-समय पर पैनल की सफाई करना जरूरी है।
सोलर पैनल की सफाई करते समय रखें इन बातों का ध्यान
सफाई शुरू करने से पहले सोलर सिस्टम को बंद कर दें।
सुबह या ठंडे समय में ही पैनल साफ करें।
पैनल पर चढ़ने या ज्यादा वजन डालने से बचें, इससे पैनल क्रैक हो सकते हैं।
सफाई के लिए RO या साफ पानी और मुलायम कपड़े का इस्तेमाल करें।
हार्ड पानी, डिटर्जेंट या केमिकल का उपयोग न करें।
यदि पैनल पर जिद्दी दाग हैं, तो पहले उन्हें गीले कपड़े से कुछ देर ढक दें, फिर धीरे-धीरे साफ करें।
