हरियाणा में ZMEO कार्यालय का क्लर्क गिरफ्तार, ₹40 हजार रिश्वत लेते ACB ने पकड़ा

 | 
हरियाणा में ZMEO कार्यालय का क्लर्क गिरफ्तार, ₹40 हजार रिश्वत लेते ACB ने पकड़ा 

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रोहतक ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जोनल मार्केटिंग इन्फोर्समेंट ऑफिस (जेडएमईओ), नई अनाज मंडी, रोहतक में तैनात क्लर्क राकेश को ₹40,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस संबंध में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रोहतक थाना में अभियोग संख्या 28 दिनांक 17.09.2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जोन का लाइसेंस बनाने की एवज में मांगी थी ₹40 हजार की रिश्वत

ब्यूरो को दी गई शिकायत में शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी नरेला में एग्रो फूड की एक कंपनी है। उन्होंने पानीपत मार्केट कमेटी के अंतर्गत एक जोन का लाइसेंस बनवाने के लिए आवेदन किया था। आवेदन संबंधी फाइल तैयार कर मार्केट कमेटी में जमा करवाई गई थी, जिसे आगामी कार्रवाई के लिए जेडएमईओ कार्यालय, रोहतक भेजा गया था।

शिकायतकर्ता जब अपनी फाइल की स्थिति जानने के लिए जेडएमईओ कार्यालय, नई अनाज मंडी, रोहतक पहुंचे तो वहां तैनात क्लर्क राकेश ने लाइसेंस बनवाने की एवज में उनसे ₹40,000 रिश्वत की मांग की। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो द्वारा मामले की जांच कर रेडिंग पार्टी गठित की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी क्लर्क राकेश को शिकायतकर्ता से ₹40,000 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। पूरी कार्रवाई स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पारदर्शी तरीके से की गई।

भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हरियाणा के निदेशक डॉ. ए.एस. चावला ने कहा कि भ्रष्टाचार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ब्यूरो द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस मामले में भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि ब्यूरो के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों पर गंभीरता और तत्परता से कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रदेश में भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। 

डॉ. चावला ने आमजन से अपील की कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी सरकारी कार्य करने की एवज में रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के टोल-फ्री नंबर 1800-180-2022 अथवा 1064 पर दें।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News