हरियाणा में 15 सरकार स्कूल बनेंगे CM EEE, छात्रों को मिलेंगी ये खास सुविधाएं

 | 
हरियाणा में 15 सरकार स्कूल बनेंगे CM EEE, छात्रों को मिलेंगी ये खास सुविधाएं 

Udaipur Times, Haryana News, Sonipat Government School : शिक्षा व्यवस्था में सुधार करने के प्रयास में हरियाणा सरकार लगातार बड़े कदम उठा रही है। प्राइवेट स्कूलों की तर्ज पर सरकारी स्कूलों के बच्चों को भी अत्याधुनिक सुविधाएं और गुणवत्ता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए सोनीपत जिले के 15 सरकारी स्कूलों को चिन्हित किया गया है। इन स्कूलों को मुख्यमंत्री उत्कृष्टता एवं प्रारंभिक अंग्रेजी शिक्षा (CM EEE) का दर्जा प्रदान किया गया है। यानि की इन स्कूलों में अब हिंदी माध्यम के साथ-साथ अंग्रेजी माध्यम में भी बच्चों को पढ़ाई करायी जाएगी।

पहली क्लास से ही अंग्रेजी पढ़ाना अनिवार्य 

जिला शिक्षा विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, जिले के इन 15 राजकीय विद्यालयों में पहली क्लास से ही अंग्रेजी पढ़ाना अनिवार्य होगा। दूसरी क्लास से लेकर कक्षा 12वीं तक बच्चों को  हिंदी और इंग्लिश मीडियम में से किसी एक का चयन करने का विकल्प मिलेगा। इसके लिए स्कूलों में अलग-अलग सेक्शन संचालित किए जाएंगे। सरकार के इस प्रयास से छात्रों की इंग्लिश भाषा पर पकड़ मजबूत होने के साथ-साथ मातृभाषा का भी बेहतरीन ज्ञान होगा। 

योग्यता आधारित शिक्षक चयन

सीएम ईईई स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति सामान्य प्रक्रिया से अलग होगी। यहां चयन के लिए उम्मीदवारों को परीक्षा और मूल्यांकन के कई चरणों से गुजरना होगा।

 इस दौरान उनकी पढ़ाने की क्षमता, विषय पर पकड़ और छात्रों को समझाने का तरीका परखा जाएगा। केवल उन्हीं शिक्षकों को मौका मिलेगा जो तय मानकों पर खरे उतरेंगे। विभाग का मानना है कि बेहतर शिक्षक ही शिक्षा की गुणवत्ता को मजबूत बनाते हैं।

आधुनिक सुविधाओं वाला नया स्कूल मॉडल

इन स्कूलों को पूरी तरह आधुनिक ढांचे के अनुसार तैयार किया जाएगा ताकि छात्रों को बेहतर माहौल मिल सके। सभी स्कूलों में आई-कार्ड और यूनिफॉर्म सिस्टम लागू रहेगा, साथ ही सुरक्षा के लिए फायर सेफ्टी की व्यवस्था होगी। पढ़ाई के लिए विज्ञान, कला और वाणिज्य की आधुनिक लैब, डिजिटल कक्षाएं, कंप्यूटर लैब और गतिविधि कक्ष बनाए जाएंगे। 

इसके साथ ही हरित परिसर, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, खेल मैदान और पुस्तकालय जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। हर स्कूल की अलग डिजिटल प्रोफाइल और वेबसाइट भी तैयार की जाएगी ताकि शैक्षणिक गतिविधियों को ऑनलाइन ट्रैक किया जा सके।

सोनीपत के 15 चयनित स्कूल

सीएम ईईई योजना के तहत जिले के 15 सरकारी स्कूलों को अपग्रेड किया गया है। इनमें मोहाना, ककरोई, अटेरना (राई), गढ़ी बाला (राई), मोहम्मदपुर और बिचपड़ी (मुंडलाना), सैदपुर, फरमाना और बिधलान (खरखौदा), कथूरा, भांवर (कथूरा), सरगथल और रभड़ा (गोहाना), कैलाना और सांदल कलां (गन्नौर) शामिल हैं।

शिक्षा व्यवस्था की मौजूदा स्थिति

सोनीपत जिले में फिलहाल कुल 709 सरकारी स्कूल संचालित हैं। इनमें प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक स्तर के विद्यालय शामिल हैं। इसके अलावा एक केंद्रीय विद्यालय और एक नवोदय विद्यालय भी कार्यरत हैं। जिले में पहले से ही पीएमश्री और मॉडल संस्कृति विद्यालय जैसी योजनाएं भी चल रही हैं।

उप जिला शिक्षा अधिकारी रविंद्र कुमार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य सरकारी स्कूलों को आधुनिक बनाना और छात्रों को बेहतर अवसर देना है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद पढ़ाई का स्तर और शैक्षणिक माहौल दोनों में सुधार देखने को मिलेगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News