हरियाणा में CM फ्लाइंग टीम और हेल्थ डिपार्टमेंट की रेड, फर्जी डॉक्टर को किया गिरफ्तार

 | 
हरियाणा में CM फ्लाइंग टीम और हेल्थ डिपार्टमेंट की रेड, फर्जी डॉक्टर को किया गिरफ्तार

Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा के गुरुग्राम में एक फर्जी डॉक्टर को गिरफ्तार किया गया है। मंगलवार को पुलिस ने बताया कि बिनौला गांव में बिना लाइसेंस क्लिनिक चलाने वाले मुकेश कुमार को CM फ्लाइंग स्क्वॉड और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त छापेमारी के बाद पकड़ा गया। टीम ने इस छापेमारी के दौरान मौके से दवाएं और मेडिकल उपकरण जब्त किए हैं।

जानकारी के मुताबिक, CM फ्लाइंग स्क्वॉड के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि मुकेश कुमार नामक व्यक्ति बिना लाइसेंस के मरीजों का इलाज कर रहा है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य को खतरा हो सकता है। इस सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए, सोमवार शाम को CMO कार्यालय के चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप को CM फ्लाइंग स्क्वॉड के साथ छापेमारी में शामिल होने का निर्देश दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, जब टीम बिनौला गांव में टेरी शॉप के पास स्थित सैनी क्लिनिक पहुंची। क्लिनिक में मुकेश कुमार मरीजों का इलाज करते हुए मिला। जब टीम ने उससे उसकी डिग्री और लाइसेंस मांगे, तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

निरीक्षण के दौरान, टीम को क्लिनिक से तीन बेड, एक स्टेथोस्कोप, एक ब्लड प्रेशर मशीन, एक थर्मामीटर, इंजेक्शन, दवाइयां, इस्तेमाल की हुई सिरिंज और सुई, अन्य मेडिकल उपकरण, प्रिस्क्रिप्शन स्लिप, लैब रिपोर्ट और क्लिनिक का रजिस्टर मिला। पुलिस ने एक डॉक्टर की मुहर भी जब्त की, जिसका कथित तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था।

स्वास्थ्य विभाग की शिकायत के बाद, नकली डॉक्टर मुकेश कुमार के खिलाफ बिलासपुर पुलिस स्टेशन में एनएमसी अधिनियम की धारा 34 और बीएनएस की धारा 125 और 318 (4) के तहत एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News