हरियाणा में CM फ्लाइंग की बड़ी कार्रवाई ! गोदाम में गेहूं पर पानी का छिड़काव, निरीक्षक सस्पेंड
Udaipur Times, Haryana News, महेंद्रगढ़ : शहर स्थित खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के गोदाम में गेहूं का वजन बढ़ाने के लिए पानी का छिड़काव करने की शिकायत पर CM फ्लाइंग ने मंगलवार को अचानक छापा मारा।
जांच के दौरान गेहूं पर पानी का छिड़काव कर वजन बढ़ाने की बात सामने आई। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य एवं आपूर्ति निरीक्षक प्रवीण कुमार को चंडीगढ़ स्थित विभागीय मुख्यालय ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
CM फ्लाइंग के SI सुनील कुमार और विभागीय टीम ने गोदाम नंबर-1 की जांच की। यहां करीब 80 से 90 फीट लंबी पानी की पाइप बिछी मिली। टीम को शिकायत मिली थी कि पाइप के जरिये गेहूं पर पानी का छिड़काव कर उसका वजन बढ़ाया जा रहा है।
कुछ कट्टों में नमी 18.5 फीसदी तक मिली
जांच के दौरान गेहूं में नमी निर्धारित स्तर से अधिक पाई गई। SI सुनील कुमार के अनुसार, गेहूं में नमी 12 से 14 फीसदी होनी चाहिए, जबकि कुछ कट्टों में यह 18.5 फीसदी तक मिली।
वहीं, निर्धारित 50.580 किलोग्राम वजन के बजाय कुछ कट्टों का वजन 53.700 किलोग्राम तक पाया गया। जांच के बाद तैयार रिपोर्ट के आधार पर निरीक्षक प्रवीण कुमार को निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें मुख्यालय से संबद्ध रखा गया है साथ ही बिना अनुमति स्टेशन छोड़ने पर रोक लगाई गई है।