हरियाणा में ठंड ने दी दस्तक, मौसम विभाग ने कोहरे का अलर्ट किया जारी

 | 
हरियाणा में ठंड ने दी दस्तक, मौसम विभाग ने कोहरे का अलर्ट किया जारी 

Udaipur Times, Haryana Weather : हरियाणा में मौसम ने करवट ले ली है। जिसके चलते प्रदेश में ठंड की शुरुआत हो गयी है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है की हरियाणा में सर्दी ने अब अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। इसके साथ ही उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से प्रदेश में न्यूनतम तापमान इस सीजन में पहली बार 10 डिग्री के करीब पहुंच गया है।

विभाग ने 17 से 20 नवंबर तक घने कोहरे को लेकर इस सीजन का पहला यलो अलर्ट जारी कर दिया है। आज प्रदेश के 4 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और करनाल में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।

विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटे में राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 3.1 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। पंचकूला में सबसे कम 10.9°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा करनाल में 11.8°C, इंद्री में 11.9°C और यमुनानगर (दामला) में पारा 12.0°C तक लुढ़क गया।

रात के साथ-साथ अब दिन में भी ठंडक बढ़ने लगी है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 17 नवंबर से उत्तर और पूर्वी हरियाणा से कोहरे की शुरुआत होगी। 19 नवंबर को प्रदेश के अधिकांश जिलों में घना कोहरा छाने की चेतावनी दी गई है, जिसका असर 20 नवंबर को भी बना रहेगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News