Udaipur Times, Rajasthan Weather : राजस्थान में इन दिनों मौसम में का मिजाज थोड़ा बदल गया है। जिसके चलते प्रदेश में ठंडक का एहसास शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है की प्रदेश में कल रविवार को अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम दर्ज हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा। बाड़मेर को छोड़कर सभी शहरों का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।
विभाग की जारी रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में श्रीगंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर, फलोदी, बाड़मेर समेत कई जिलों में रात में कम ठंडक है। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री ऊपर दर्ज हो रहा है।
राजस्थान में सबसे ठंडा इलाका माउंट आबू रहा, जहां न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले 3-4 दिन तक आसमान साफ रहने की संभावना जताई है। इस दौरान दिनभर धूप रहने और कुछ शहरों के अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है।
भरतपुर, कोटा संभाग में रविवार सुबह हल्की धुंध रही। सूरज चढ़ने के साथ आसमान साफ होने लगा और धूप निकली। जयपुर, जोधपुर, अजमेर, बीकानेर संभाग में रविवार को दिनभर आसमान साफ रहने से सुहावनी धूप रही।
प्रदेश में बारिश थमने और धूप निकलने के साथ ही कुछ शहरों में रात में भी सर्दी का असर थोड़ा कम हो गया। शेखावाटी के चूरू, सीकर, झुंझुनूं, फतेहपुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे था, जहां अब थोड़ी बढ़ोतरी हो गई है।
विभाग की जारी रिपोर्ट के मुताबिक, सीकर में न्यूनतम तापमान 15.5, फतेहपुर में 13.9, झुंझुनूं व चूरू में 17.5, पिलानी में 17.8, टोंक में 16.4 और अजमेर में 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।