Udaipur Times, Haryana Weather : हरियाणा में मौसम का मिजाज बदल रहा है। जिसके चलते प्रदेश में ठंड की शुरुआत हो गयी है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है की सर्दी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। उत्तर और उत्तर-पश्चिमी दिशा से चल रही ठंडी हवाओं के असर से प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
इन हवाओं के चलते प्रदेश के 9 जिलों में रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस या इससे नीचे लुढ़क गया है।
इसके अलावा महेंद्रगढ़ में तापमान 7.7 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने 26 और 27 नवंबर को प्रदेश के 5 उत्तरी जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।
विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री की मामूली बढ़ोतरी हुई है। हिसार में दिन का पारा 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। इसके अलावा सिरसा में 29.0 और भिवानी में 28.9 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग के मुताबिक महेंद्रगढ़ (7.7°C) के बाद हिसार के बालसमंद में न्यूनतम तापमान 8.8°C, करनाल के इंद्री और रेवाड़ी के बावल में 8.9°C दर्ज किया गया। इसके अलावा पंचकूला और यमुनानगर में 9.1°C, भिवानी में 9.7°C, अंबाला में 9.8°C और सिरसा में न्यूनतम तापमान 10.0°C रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने जानकारी दी है की प्रदेश में 28 नवंबर तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान बीच-बीच में हल्के बादल छा सकते हैं।
वहीं, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 26 और 27 नवंबर को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की चेतावनी (येलो अलर्ट) जारी की है।