Udaipur Times, Rajasthan Weather : राजस्थान में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। जिसके चलते प्रदेश में ठंड का असर थोडा बढ़ने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, बीकानेर संभाग में बीते कुछ दिनों से बने शुष्क मौसम के बाद अब मौसम बदलने वाला है।
विभाग के मुताबिक, 14 और 15 नवंबर को क्षेत्र में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। जिसके तुरंत बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। इसके साथ ही बीकानेर में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की स्थिति बन सकती है।
जानकारी के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद उत्तर-पश्चिम से आने वाली बर्फीली और ठंडी हवाएं राजस्थान के मैदानी इलाकों की तरफ रुख करेंगी। थार क्षेत्र में हवा की दिशा बदलते ही रात के समय विकिरण जनित शीतलन तेज होगा, जिससे न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिरकर 13 से 14 डिग्री तक आ जाएगा और गुलाबी ठंड का असर बढ़ जाएगा।
जैसा की बताया जा रहा है कि 15 नवंबर के बाद अचानक से सर्दी बढ़ने के आसार हैं। हालांकि मौसम विभाग ने 20 नवंबर के बाद ये बदलाव बताया था मगर अब ये बदलाव तीसरे सप्ताह की शुरूआत में होता नजर आ रहा है।