राजस्थान के 7 जिलों में 14 करोड़ से बनेंगे कॉमन इन्क्यूबेशन सेंटर, किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ

 | 
Rajasthan Farmers

 

Udaipur Times, Rajasthan News: राज्य सरकार द्वारा एक जिला-एक उत्पाद (ODOP) पंच गौरव कार्यक्रम के तहत कृषि एवं बागवानी उत्पादों को बढ़ावा देने, किसानों की आय में वृद्धि करने तथा स्थानीय स्तर पर कृषि आधारित उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। प्रदेश के सात जिलों में फसल विशेष के कॉमन इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित करने के लिए 14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गये हैं। इन केंद्रों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर उत्पादों के प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन, पैकेजिंग एवं विपणन को नई गति मिलेगी। Rajasthan News

जिला विशेष में संबंधित फसल की सघनता एवं उत्पादन को ध्यान में रखते हुए बारां में लहसुन, चित्तौड़गढ़ में सीताफल, जालोर में अनार, झालावाड़ में संतरा, जयपुर में आंवला, अजमेर में गुलाब तथा जैसलमेर में खजूर के लिए कॉमन इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से स्थानीय कृषि एवं बागवानी उत्पादों को बाजार की मांग के अनुरूप तैयार करने के साथ-साथ किसानों को उनके उत्पाद का बेहतर मूल्य दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्य किया जाएगा। Rajasthan News

इन सेंटरों में ग्रेडिंग, सॉर्टिंग, प्राथमिक एवं मूल्य संवर्धित प्रसंस्करण, पैकेजिंग और लेबलिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), स्वयं सहायता समूहों, स्टार्टअप्स तथा सूक्ष्म उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रसंस्करण के लिए बड़ी पूंजी निवेश वाली अलग इकाई स्थापित करने की आवश्यकता नहीं होगी। वे साझा सुविधाओं का उपयोग कर अपने उत्पादों को गुणवत्तापूर्ण एवं आकर्षक रूप में तैयार कर बाजार तक पहुंचा सकेंगे। Rajasthan News

उत्पाद की गुणवत्ता और किसानों की आय में होगा इजाफा

कॉमन इन्क्यूबेशन सेंटरों की स्थापना से कृषि एवं बागवानी उत्पादों की गुणवत्ता, शेल्फ लाइफ और बाजार क्षमता में सुधार होगा। उत्पादों में मूल्य संवर्धन होने से किसानों को कच्चे उत्पाद के बजाय प्रसंस्कृत एवं बेहतर पैकेजिंग वाले उत्पादों के माध्यम से अधिक मूल्य प्राप्त करने के अवसर मिलेंगे। साथ ही, स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण की सुविधा उपलब्ध होने से उत्पादों की बर्बादी और कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करने में भी मदद मिलेगी। Rajasthan News

स्टार्टअप्स और नव उद्यमियों के लिए बनेंगे ग्रोथ सेंटर

यह पहल विशेष रूप से ऐसे नव उद्यमियों, स्टार्टअप्स और सूक्ष्म उद्यमियों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी जो व्यवसाय के प्रारंभिक चरण में अपनी स्वयं की प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने में सक्षम नहीं होते हैं। साझा प्रसंस्करण सुविधाओं के माध्यम से वे कम प्रारंभिक निवेश में अपने उत्पादों को तैयार कर बाजार में उतार सकेंगे। व्यवसाय के विस्तार के साथ इन उद्यमियों को अपनी स्वयं की प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित करने के लिए भी प्रोत्साहन मिलेगा। Rajasthan News

लाइव डेमो और प्रशिक्षण से बढ़ेगा तकनीकी ज्ञान

इन कॉमन इन्क्यूबेशन सेंटरों को केवल प्रसंस्करण इकाइयों तक सीमित नहीं रखा जाएगा बल्कि इन्हें लाइव डेमो एवं प्रशिक्षण केंद्र के रूप में भी विकसित किया जाएगा। यहां किसानों, एफपीओ, स्वयं सहायता समूहों एवं इच्छुक उद्यमियों को आधुनिक खाद्य प्रसंस्करण तकनीक, गुणवत्ता मानक, खाद्य सुरक्षा, पैकेजिंग, लेबलिंग, ब्रांडिंग, विपणन तथा व्यवसाय प्रबंधन से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। Rajasthan News

इससे स्थानीय युवाओं और उद्यमियों में कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में व्यवसाय शुरू करने का आत्मविश्वास बढ़ेगा तथा प्रदेश में कृषि आधारित स्टार्टअप्स, सूक्ष्म उद्यमों और नए प्रसंस्करण उद्योगों की स्थापना को गति मिलेगी। Rajasthan News

स्थानीय उत्पादों को मिलेगी राष्ट्रीय बाजार तक पहुंच

पंच गौरव कार्यक्रम के तहत स्थापित होने वाले ये सेंटर स्थानीय विशिष्ट कृषि एवं बागवानी उत्पादों को स्थानीय से राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उत्पादों की बेहतर गुणवत्ता, आकर्षक पैकेजिंग और प्रभावी ब्रांडिंग के माध्यम से राजस्थान के विशिष्ट उत्पादों की पहचान को और मजबूत किया जा सकेगा। Rajasthan News

सरकार की इस पहल से एक ओर जहां किसानों को उनके उत्पाद का बेहतर मूल्य प्राप्त करने के अवसर मिलेंगे, दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इससे कृषि को केवल उत्पादन तक सीमित न रखते हुए प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन, ब्रांडिंग और विपणन से जोड़कर किसानों एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।


 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News