हरियाणा में SDM कार्यालय का कम्प्यूटर ऑपरेटर रिश्वत केस में गिरफ्तार

 | 
हरियाणा में SDM कार्यालय का कम्प्यूटर ऑपरेटर रिश्वत केस में गिरफ्तार

Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा के नूंह जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। फिरोजपुर झिरका की ग्राम पंचायत करहेड़ा के सरपंच रामपाल की याचिका के बाद गुरुग्राम भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने एसडीएम कार्यालय में कम्प्यूटर ऑपरेटर जुबैबर को गिरफ्तार किया है। मामला वर्ष-2022 के पंचायत चुनाव से जुड़ा है।

जानकारी के अनुसार, फिरोजपुर झिरका की ग्राम पंचायत करहेड़ा के सरपंच रामपाल के खिलाफ चुनाव में उपविजेता रहे राजबीर ने उनकी शैक्षणिक योग्यता को लेकर एसडीएम कार्यालय में शिकायत दी थी, जो लंबित थी।

आरोप है कि अक्टूबर-2024 में कम्प्यूटर ऑपरेटर जुबैर ने सरपंच रामपाल से मुलाकात कर एसडीएम के माध्यम से जांच अपने पक्ष में करवाने के बदले 7 लाख रुपये रिश्वत की मांग की। सरपंच ने रकम दे दी, लेकिन तीन महीने तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद सरपंच ने राशि वापस मांगी। सरपंच रामपाल ने स्वयं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, गुरुग्राम को शिकायत दी। 

ACB ने 6 फरवरी 2025 को एफआईआर दर्ज की और इस मामले में ग्राम पंचायत सचिव हसीन को रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। बाद में इसी प्रकरण में सरपंच रामपाल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। सरपंच ने पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई थी और कहा गया कि कम्प्यूटर ऑपरेटर जुबैर ने तीन माह तक रिश्वत की राशि अपने पास रखी, लेकिन उसे आरोपी नहीं बनाया गया। 

हाईकोर्ट ने एसपी विजिलेंस को विस्तृत शपथ-पत्र दाखिल करने का निर्देश देते हुए अगली सुनवाई 6 अगस्त तय की थी। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद ACB ने निर्धारित सुनवाई से पहले ही जुबैर को गिरफ्तार कर लिया। एंटी करप्शन नूंह निरीक्षक देवेंद्र ने जुबेर की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News