कंप्यूटर सोसाइटी ऑफ इंडिया उदयपुर चैप्टर को मिला नया नेतृत्व, शफीक अहमद बने चेयरमैन
Udaipur Times, Udaipur News: 14 जून 2026। कंप्यूटर और आईटी क्षेत्र में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने वाली प्रमुख संस्था कंप्यूटर सोसाइटी ऑफ इंडिया (CSI) उदयपुर चैप्टर की वार्षिक बैठक का आयोजन शहर में किया गया।
इस बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें सिक्योर मीटर्स लिमिटेड के शफीक अहमद को चेयरमैन, गिट्स के डॉ जीतेन्द्र सिंह चौहान को वाइस चेयरमैन, सर पदमपत सिंघानिया यूनिवर्सिटी के डॉ दीपेश वया को सेक्रटरी और माधव यूनिवर्सिटी के डॉ गणपत जोशी को ट्रेजरर के रूप में चुना गया।
चेयरमैन शफीक अहमद ने बताया कि कंप्यूटर सोसाइटी ऑफ इंडिया देश की सबसे पुरानी और प्रतिष्ठित आईटी संस्था है, जो तकनीकी शिक्षा, शोध और नवाचार को प्रोत्साहित करती है। यह संस्था विशेष रूप से उन छात्रों के लिए उपयोगी है जो सीमित संसाधनों के बावजूद आईटी और कंप्यूटर साइंस के क्षेत्र में सफलता प्राप्त करना चाहते हैं। सी यस आई उन्हें इंडस्ट्री से जोड़ने का कार्य करती है और आधुनिक तकनीकों के प्रति जागरूक करती है।
वाइस चेयरमैन डॉ जीतेन्द्र सिंह चौहान ने कहा, “हमारा उद्देश्य उदयपुर चैप्टर को एक ऐसा प्लेटफार्म बनाना है, जहां हर छात्र और प्रोफेशनल तकनीकी रूप से सशक्त हो और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार हो सके। आने वाले समय में सी यस आई छात्रों के करियर विकास के लिए कई नई पहल करेगा।”
साथ ही डॉ चौहान ने सी एस आई के अंतर्गत छात्रों के हितो के लिए किये गए कार्य जैसे तकनीकी सेमिनार, कार्यशालाएं, इंडस्ट्री विजिट्स, कोडिंग और इनोवेशन प्रतियोगिताएं का लेखा जोखा प्रस्तुत किया ।