हरियाणा में कांग्रेस सांसद का एक्सीडेंट, गाड़ी के उड़े परखच्चे
Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा के पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हिसार से कांग्रेस सांसद जयप्रकाश जेपी की गाड़ी का आज शुक्रवार को एक्सीडेंट हो गया। बताया जा रहा है कि दिल्ली-पटियाला हाईवे पर उनकी गाड़ी के आगे अचानक एक बैल आ गया। जिससे टक्कर हो गई और टक्कर इतनी जबरदस्ती थी कि गाड़ी के सारे एयरबैग खुल गए। इसके अलावा गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के तुरंत बाद काफिले में साथ चल रहे वर्कर सांसद को उचाना के अस्पताल लेकर गए। जहां उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में जेपी के ड्राइवर को भी चोटें आई हैं। मेडिकल टीम सांसद की जांच कर रही है। डॉक्टरों का कहना है कि अचानक जोर का झटका लगने से सांसद अभी घबराहट व सदमे में हैं और सिर घूमने की शिकायत कर रहे हैं। साथ ही घुटने में भी चोट लगी है। 71 वर्षीय सांसद के सभी टेस्ट जांच रिपोर्ट आने के बाद ही उनकी हेल्थ को लेकर सटीक जानकारी मिलेगी।
जानकारी के मुताबिक, हिसार सांसद जयप्रकाश शुक्रवार को अपने काफिले के साथ जींद से उचाना की ओर आ रहे थे। इसी दौरान उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी के आगे अचानक एक बैल आ गया।
हादसे में कार ड्राइवर सोनू घायल हो गया। उन्हें पास के ही एक नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं जयप्रकाश का भी डॉक्टरों की देखरेख में इलाज चल रहा है।
