कृषि कानूनों के खिलाफ कांग्रेस का पैदल मार्च


कृषि कानूनों के खिलाफ कांग्रेस का पैदल मार्च

मोहता पार्क से पैदल मार्च करते हुए चेटक चौराहा, हाथीपोल, अश्विनी बाजार, देहलीगेट होते हुए टाउनहॉल पहुंचे

 
कृषि कानूनों के खिलाफ कांग्रेस का पैदल मार्च

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शहर में पैदल मार्च 

उदयपुर 20 फरवरी 2021। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर केन्द्र सरकार द्वारा लागू तीन कृषि कानूनों के विरोध में उदयपुर शहर जिला कांग्रेस के निवर्तमान अध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा एवं देहात जिला कांग्रेस के निवर्तमान अध्यक्ष लालसिंह झाला के नेतृत्व में उदयपुर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर शनिवार को उदयपुर शहर में पैदल मार्च निकाला गया। 

निवर्तमान कांग्रेस प्रवक्ता फिरोज अहमद शेख ने बताया कि इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कांग्रेस कार्यकर्ता चेटक सर्कल स्थित मोहता पार्क से पैदल मार्च करते हुए चेटक चौराहा, हाथीपोल, अश्विनी बाजार, देहलीगेट होते हुए टाउनहॉल पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार की तानाशाही नीतियों एवं तीन कृषि कानूनों के विरोध में जमकर नारे लगाए। 

शेख ने बताया कि उपस्थित कांग्रेसजनों को सम्बोधित करते हुए पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार अब तक देश के समृद्ध संस्थानों को पूंजीपतियों के हवाले कर रही थी, अब तीन कृषि कानूनों के सहारे इन्होंने किसानों व उनकी जमीनों को पूंजीपतियों का गुलाम बनने को मजबूर कर दिया है। आज देश का हर व्यक्ति मोदी सरकार की तानाशाही नीतियों से तंग आ चुका है। हाल ही में पंजाब में हुए निकाय चुनावों के जिस तरीके से परिणाम आए है, उससे यह तय हो चुका है कि मोदी सरकार जनता में अपना विश्वास एवं आधार खो चुकी है। 

सीडब्ल्यूसी मेम्बर रघुवीर मीणा ने मोदी सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि जबसे मोदी सरकार सत्ता में आई है, तब से देश अनेक चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में फंसता जा रहा है। आज देश में महंगाई आसमान छू रही है, लेकिन सरकार को इस बात की कोई परवाह नहीं। सरकार ने किसानों से बिना चर्चा किए तानाशाही पूर्वक कृषि कानून लागू कर दिए, जिसका पूरे देश में तीव्र विरोध हो रहा है। सरकार के इन कानूनों से देश में जमाखोरी बढ़ जाएगी। सरकार की नीतियों से विश्व में भारत की छवि को गहरी ठेस लगी है। यदि सरकार अब भी नहीं संभली, तो देश के सामने गंभीर संकट पैदा हो जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी मोदी सरकार की होगी।

पैदल मार्च का हाथीपोल चौराहे पर क्षेत्रीय पार्षद शहनाज अयूब के नेतृत्व में मोहम्मद अयूब, जयप्रकाश निमावत आदि ने कांग्रेसजनों का स्वागत किया। मार्च में देहात जिला कांग्रेस के निवर्तमान अध्यक्ष लालसिंह झाला, विधायक दयाराम परमार, पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया, पूर्व प्रदेश सचिव पंकज कुमार शर्मा, पूर्व विधायक मांगीलाल गरासिया, बसन्ती देवी मीणा, श्रीमती सज्जन कटारा, पुष्कर डांगी, वीरेन्द्र वैष्णव, के. के. शर्मा, लक्ष्मीनारायण पण्ड्या, फतेहसिंह राठौड़, पूरण मेनारिया, दिनेश श्रीमाली, प्रवक्ता फिरोज अहमद शेख, सुधीर जोशी, जयप्रकाश निमावत सहित अनेक कांग्रेसजन मौजूद थे।

UdaipurTimes की ख़बरों से जुड़ने के लिए हमारे GOOGLE NEWS | WHATSAPP |  SIGNAL | TELEGRAM चैनल्स को सब्सक्राइब करें और FacebookTwitter और Instagram पर भी फॉलो करें

 

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal