हरियाणा में अब घर बैठे दर्ज करा सकेंगे भ्रष्टाचार की शिकायत, एप्पल ऐप स्टोर और गूगल प्ले स्टोर दोनों पर मिलेगा सहायता ऐप

 | 
हरियाणा में अब घर बैठे दर्ज करा सकेंगे भ्रष्टाचार की शिकायत, एप्पल ऐप स्टोर और गूगल प्ले स्टोर दोनों पर मिलेगा सहायता ऐप

Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा में भ्रष्टाचार के विरुद्ध लड़ाई को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा जनभागीदारी आधारित बनाने की दिशा में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एवं एसीबी) की महत्वपूर्ण पहल ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप अब एप्पल ऐप स्टोर पर भी उपलब्ध है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा लॉन्च किए गए इस ऐप को पहले केवल एंड्रॉयड उपयोगकर्ता इस्तेमाल कर सकते थे। आमजन की मांग और आईफोन उपयोगकर्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब इसे एप्पल ऐप स्टोर पर भी उपलब्ध करवाया गया है। इससे आईफोन और एंड्रॉयड दोनों उपयोगकर्ता आसानी से ऐप डाउनलोड कर भ्रष्टाचार से संबंधित सूचनाएं सीधे ब्यूरो तक पहुंचा सकेंगे और प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के अभियान में अपनी भागीदारी निभा सकेंगे।

अब घर बैठे दर्ज कराएं भ्रष्टाचार की शिकायत, शिकायतकर्ता की गोपनीयता को प्राथमिकता

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के प्रमुख श्री ए.एस. चावला ने बताया कि ‘सतर्क हरियाणा’ ऐप के माध्यम से नागरिकों को भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत दर्ज कराने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐप पर शिकायतकर्ता अपनी शिकायत का विवरण दर्ज करने के साथ उससे संबंधित फोटो, वीडियो, ऑडियो रिकॉर्डिंग और पीडीएफ दस्तावेज भी अपलोड कर सकते हैं। इससे शिकायत के साथ उपलब्ध साक्ष्य और संबंधित जानकारी सीधे ब्यूरो तक पहुंचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध सूचना देने वाले नागरिकों की गोपनीयता बनाए रखने को विशेष महत्व दिया जाएगा, ताकि कोई भी व्यक्ति बिना किसी भय, दबाव या संकोच के भ्रष्टाचार से संबंधित जानकारी ब्यूरो तक पहुंचा सके। आमजन का विश्वास बनाए रखना और उन्हें सुरक्षित वातावरण में भ्रष्टाचार के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रोत्साहित करना ब्यूरो की प्राथमिकता है।

ओटीपी सत्यापन से लेकर गूगल लोकेशन साझा करने तक की सुविधा

उन्होंने बताया कि ऐप का उपयोग करना बेहद सरल है। नागरिक अपने मोबाइल फोन में एप्पल ऐप स्टोर या गूगल प्ले स्टोर से ‘सतर्क हरियाणा’ ऐप डाउनलोड कर सकते हैं। इसके बाद मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी सत्यापन कर शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। शिकायतकर्ता अपनी समस्या का विवरण भरकर उससे संबंधित फोटो, वीडियो, ऑडियो या पीडीएफ दस्तावेज संलग्न कर सकते हैं। ऐप में गूगल लोकेशन की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे शिकायत से संबंधित स्थान की जानकारी साझा करने में मदद मिलती है। इसके अतिरिक्त, ऐप में एफआईआर डाउनलोड करने और हेल्पलाइन तक एक स्पर्श में पहुंच जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। इस प्रकार नागरिकों को भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत दर्ज कराने और ब्यूरो से जुड़ी जरूरी सुविधाओं तक पहुंचने के लिए एक ही डिजिटल मंच मिलता है।

भ्रष्टाचार के विरुद्ध सूचना देने में आमजन की भागीदारी जरूरी : ए.एस. चावला

श्री ए.एस. चावला ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी दृढ़ता से अमल कर रही है। भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और रिश्वतखोरी में संलिप्त पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप आमजन को भ्रष्टाचार के विरुद्ध अपनी आवाज उठाने और सीधे ब्यूरो तक सूचना पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि उनके संज्ञान में रिश्वतखोरी या भ्रष्टाचार का कोई मामला आता है, तो उसे नजरअंदाज न करें। शिकायतकर्ता की गोपनीयता का ध्यान रखते हुए बिना किसी भय या संकोच के सूचना दें और प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

हेल्पलाइन नंबरों पर भी दे सकते हैं भ्रष्टाचार की सूचना

ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत एसीबी को दें। नागरिक ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप के अलावा टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064, 1800-180-2022 तथा व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 पर भी भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। भ्रष्टाचार के विरुद्ध आपकी एक सूचना प्रदेश को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News