2600 करोड़ में तैयार होगा क्रिकेट स्टेडियम, एलिवेटेड रोड और हिंडन कॉरिडोर ! लोगों को मिलेंगी ये खास सुविधाएं

 | 
2600 करोड़ में तैयार होगा क्रिकेट स्टेडियम, एलिवेटेड रोड और हिंडन कॉरिडोर ! लोगों को मिलेंगी ये खास सुविधाएं 

Udaipur Times, Many Projects Get Approval in Ghaziabad : गाजियाबाद जिले के लिए अच्छी खबर है। यूपी सरकार ने शहर के लिए कई नई विकास योजनाओं को मंजूरी दे दी है। इसमें क्रिकेट स्टेडियम से लेकर एलिवेटेड रोड और हिंडन कॉरिडोर समेत कई काम शामिल हैं। डॉ. महकार सिंह, गाजियाबाद उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में गाजियाबाद जिले में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, एलिवेटेड रोड, हिंडन मल्टी-मॉडल कॉरिडोर, लॉजिस्टिक हब, साइबर हब और तुलसी निकेतन के पुनर्विकास को मंजूरी मिल गई। इन पर केंद्र सरकार के अर्बन चैलेंज फंड के तहत 2,656 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

राजनगर एक्सटेंशन में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) और यूपीसीए मिलकर बनाएंगे। दोनों का भूमि, निर्माण और संचालन में 50-50 प्रतिशत का स्वामित्व होगा। स्टेडियम पीपीपी मॉडल पर 33 एकड़ में विकसित होगा, जिसमें 45 हजार दर्शकों बैठ सकेंगे। इस परियोजना पर 450 करोड़ खर्च होंगे। वहीं, तुलसी निकेतन परियोजना को इंटीग्रेटेड मिक्स्ड यूज्ड री-डेवलपमेंट के जरिये तैयार किया जाना है। 

करीब 7.83 हेक्टेयर क्षेत्रफल में विकसित योजना के अंदर 2004 ईडब्ल्यूएस और 288 एलआईजी फ्लैट हैं। कुल 2,292 फ्लैट में 60 दुकान भी संचालित हैं। अब यहां बहुमंजिला इमारत का निर्माण होगा, जिस पर 405 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं, जीटी रोड पर घंटाघर से भाटिया मोड़ के बीच चार लेन की एलिवेटेड रोड बनेगी। करीब दो किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड रोड पर 200 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा अर्बन को-वर्किंग एवं कमर्शियल डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट पर भी 43 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

मल्टी-मॉडल कॉरिडोर से कनेक्टिविटी बढ़ेगी

हिंडन मल्टी-मॉडल कॉरिडोर से शहर में कनेक्टिविटी बढ़ेगी। 190 करोड़ रुपये इसके तहत स्वीकृत हुए हैं। इसमें एलिवेटेड रोड पर इंदिरापुरम से प्रवेश और वसुंधरा में निकास के लिए रैंप बनाने, सिद्धार्थ विहार को ट्रांस हिंडन से जोड़ने के लिए हिंडन बैराज के पास चार लेन का पुल बनाने और कनावनी में रोटरी गोल चक्कर बनाकर आसपास के मार्गों को जोड़ने की परियोजनाओं पर कार्य होगा।

गालंद में लॉजिस्टिक हब बनाने की तैयारी

गाजियाबाद से सटे हापुड़ के गालंद गांव में नगर निगम 33 एकड़ जमीन पर लॉजिस्टिक हब बनाएगा। निगम गालंद गांव में पहले वेस्ट टू एनर्जी प्लांट लगाना चाहता था। लेकिन, ग्रामीणों ने वेस्ट टू एनर्जी प्लांट लगाने का विरोध किया। यहां पर अब बड़ा लॉजिस्टिक हब बनाया जाएगा।

क्रॉसिंग रिपब्लिक में पहला साइबर हब बनेगा

क्रॉसिंग रिपब्लिक में शहर का पहला साइबर हब बनाया जाएगा। इसमें स्टूडियो फ्लैट के अलावा आईटी कंपनियां, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, डेटा सेंटर और स्टार्टअप ऑफिस खुलेंगे। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया यह शहर का पहला साइबर हब होगा।

कुल पांच शहरों की परियोजनाओं को हरी झंडी

गाजियाबाद के अलावा लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर और वाराणसी में भी कई परियोजनाएं लाने को मंजूरी दी गई। इन पर 7452 करोड़ खर्च होंगे। लखनऊ में वरुण विहार आवासीय योजना, कैलाश कुंज ट्रांजिट ओरिएंटेड कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और वाराणसी में आनंद काशी अर्बन ग्रोथ को भी मंजूरी दी गई।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News