हरियाणा के पंचायती, ब्लाक समिति व जिला परिषदों के खातों से करोड़ों रुपये गायब ! जाने जिलावाइज पूरी लिस्ट ?
Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रदेश के छह जिलों की कई ग्राम पंचायतों, ब्लाक समितियों और जिला परिषदों के खाते से अलग-अलग समय में 4.53 करोड़ रुपये गायब हो गए। संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों और ब्लाक समिति के अध्यक्षों ने निकासियों की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी है। इन सभी पंचायतों, ब्लाक समितियों और जिला परिषदों के खाते पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) में हैं। अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों का कहना है कि खातों से रुपये निकालते वक्त ओटीपी अथवा मैसेज नहीं आया। पानीपत में साइबर क्राइम पुलिस को शिकायत दी है। पंचायती राज विभाग ने जिला परिषदों, पंचायत समितियों और ग्राम पंचायतों से उनके खातों की रिपोर्ट मांगी है।
जानिये, किस जिले में कितने रुपये निकले
पानीपत जिले में 2.91 करोड़ रुपये निकाले गए। चुलकाना की पंचायत के खाते से 27 लाख रुपये, आट्टा 2.50 लाख रुपये, किवाना के एक लाख रुपये, मनाना से 19.90 लाख, जौरासी पंचायत से 50 हजार, बिहौली ग्राम पंचायत नौ लाख 80 हजार, गढ़ी बेसक पंचायत के खाते से पांच पांच लाख, धनसौली पंचायत के खाते 9.90 लाख, अधमी के खाते से नौ लाख गायब हुए। इसराना ब्लाक समिति के खाते से 1.21 करोड़ व समालखा ब्लाक समिति के खाते 56.50 लाख गायब हुए।
खातों से 14-15 नवंबर को 7 ट्रांजेक्शन से 74.70 लाख बिना दो अफसरों के डिजिटल सिग्नेचर (डोंगल) के निकाले थे। फतेहाबाद की मेहुवाला ग्राम पंचायत के खाते से 10 लाख रुपये निकले थे। पानीपत के गढ़ी बेसक के सरपंच रफाकत व चुलकाना के सरपंच सतीश ने दैनिक जागरण को बताया कि उनके पंचायती खाते से बिन ओटीपी या मैसेज आए रुपये गायब हुए हैं।
20 नवंबर से लगातार निकलते रहे रुपये, साइबर थाना में समालखा ब्लाक समिति चेयरमैन ने दी शिकायत
इनके खातों में भी लगी सेंध
फरीदाबाद जिला परिषद के खाते से 9.90 लाख, ग्राम पंचायत निगदू (नीलोखेड़ी) से 10 लाख, पंचायत समिति साहा (अंबाला) से 9.90 लाख, पंचायत समिति महम (रोहतक) से 10 लाख, पंचायत समिति बल्लभगढ़ (फरीदाबाद) से 9.90 लाख निकल चुके हैं। पानीपत के लीड बैंक मैनेजर जितेंद्र कुमार सिंह से संपर्क किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
फतेहाबाद में छह दिन में 14 वार निकली रकम : फतेहाबाद जिला परिषद के पीएनबी खाते से छह दिनों के दौरान 87.48 लाख रुपये निकाल लिये गए। 10 से 15 नवंबर के बीच रकम 14 अलग-अलग ट्रांजेक्शन से एनईएफटी से ट्रांसफर की गई है। सभी खातों के मिलान और सर्वर लोग्स की जांच के बाद यह आंकड़ा बहुत बड़ा हो सकता है। जिप चेयरपर्सन एडवोकेट सुमन खिचड़ ने खाते से राशि निकलने की पुष्टि की है।
खाते से रुपये निकालने का नियम : एडवोकेट वैभव देशवाल ने बताया कि ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के भुगतान की एक निर्धारित प्रक्रिया होती है। किसी विकास कार्य के भुगतान करने के लिए संबंधित ठेकेदार के बिल पंचायत विभाग के पोर्टल पर आनलाइन अपलोड किया जाता है। इसके बाद सचिव भुगतान की अंतिम स्वीकृति देते हैं।
"पूरे मामले की जांच के आदेश विकास एवं पंचायत विभाग के निदेशक सुशील सारवान को दे दिए गए हैं। यह पता लगाया जाएगा कि खातों से रकम किस प्रक्रिया के तहत निकाली गई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।"
कृष्ण लाल पंवार, विकास एवं पंचायत तथा खनन मंत्री