पर्यटकों के लिए इसी माह से उपलब्ध होगी साइकिल शेयरिंग सुविधा
कलक्टर ने पर्यटन के क्षेत्र में नवाचार की बात करते हुए बताया कि पर्यटकों के लिए साइकिल शेयरिंग की व्यवस्था इसी माह से प्रारंभ होगी
जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक बुधवार को जिला कलक्टर रोहित गुप्ता की अध्यक्षता में जिला कलक्टर सभागार में आयोजित हुई। बैठक में नगर निगम के आयुक्त सिद्धार्थ सिहाग, एसआईईआरटी निदेशक श्रीमती रूक्मणि सिहाग, पर्यटन उप निदेशक सुमिता सरोच सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों, होटल एवं पर्यटन व्यवसाय से जुडे़ पदाधिकारियों आदि ने हिस्सा लिया।
कलक्टर ने पर्यटन के क्षेत्र में नवाचार की बात करते हुए बताया कि पर्यटकों के लिए साइकिल शेयरिंग की व्यवस्था इसी माह से प्रारंभ होगी, इससे पर्यटकों को विभिन्न स्थलों पर भ्रमण में काफी आसानी रहेगी। विभिन्न स्थलों पर साइकिल छोडने के लिए नगर निगम की ओर से शेड बनाए जाएंगे एवं उन्हे अपने गंतव्य तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।
बाइक उदयपुर नाम की इस योजना को 30 मार्च तक प्रारंभ किए जाने पर सहमति बनी। पर्यटकों को शहर के दर्शनीय स्थलों की जानकारी देने वाली प्रचार सामग्री को दर्शाते काउंटर रेलवे स्टेशन व एयरपोर्ट पर लगाने व नई एप बनाने पर भी चर्चा हुई।
कलक्टर गुप्ता ने कहा कि स्मार्ट कार्ड के माध्यम से पर्यटकों को अधिकाधिक सेवाओं के भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। सहेलियों की बाड़ी स्थित म्यूजियम को एसआईईआरटी में नए एवं आकर्षक रूप में विकसित करने कला दीर्घा निर्माण की योजना पर एसआईईआरटी निदेशक श्रीमती सिहाग ने प्रकाश डाला।
नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ सियाग ने उदयपुर शहर में बहुआयामी पर्यटन विकास के लिए नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं भावी गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
