बिना कोचिंग ड्राइवर की बेटी बनी IPS, चौथे प्रयास में क्रैक किया UPSC एग्जाम
Udaipur Times, IPS Mona Jakhar : भारतीय पुलिस सेवा (IPS) की 2025 बैच की अधिकारी मोना जाखड़ इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। मेरठ में आयोजित इंटरनेशनल जाट पार्लियामेंट कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि उनके आईपीएस बनने के सफर में जाट समाज का सबसे बड़ा योगदान रहा है। समाज ने उन्हें मंच, मार्गदर्शन और ऐसा माहौल दिया, जिससे वह हमेशा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकीं।
कार्यक्रम में संबोधन के दौरान मोना जाखड़ ने कहा कि जाट समाज ने उन्हें हमेशा सुरक्षित और प्रोत्साहित महसूस कराया। इसी वजह से वह अपनी बात बेझिझक रख सकीं और अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ती रहीं। उन्होंने युवाओं से समाज से जुड़े रहने की अपील करते हुए कहा कि समाज ही व्यक्ति को आगे बढ़ाता है और सफल लोगों का भी दायित्व है कि वे अगली पीढ़ी के लिए नए अवसर और मंच तैयार करें।

राजस्थान के साधारण परिवार से हैं मोना जाखड़
मोना जाखड़ राजस्थान के सीकर जिले की लक्ष्मणगढ़ तहसील के सांखू गांव की रहने वाली हैं। वह एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता ड्राइवर हैं और परिवार में सिविल सेवा में पहुंचने वाली वह पहली सदस्य हैं। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2024 में उन्होंने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 490 हासिल की। इसके बाद उनका चयन भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए हुआ और उन्हें गुजरात कैडर आवंटित किया गया।
बिना कोचिंग की UPSC की तैयारी
29 फरवरी 2000 को जन्मीं मोना जाखड़ की सफलता की कहानी हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने UPSC की तैयारी के लिए किसी बड़े कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया। उनका मानना था कि सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी पर लाखों रुपये खर्च करना उनके परिवार के लिए संभव नहीं था। मोना ने एक इंटरव्यू में बताया था कि कोचिंग पर दो से ढाई लाख रुपये तक खर्च हो सकते हैं। ऐसे में उन्होंने घर पर रहकर स्व-अध्ययन और ऑनलाइन संसाधनों की मदद से तैयारी करने का फैसला किया। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के किरोड़ीमल कॉलेज से पढ़ाई पूरी करने के बाद 26 जुलाई 2020 से UPSC की तैयारी शुरू की।

यूट्यूब और सेल्फ स्टडी से बनाई रणनीति
तैयारी के शुरुआती दिनों में मोना रोजाना चार से पांच घंटे तक UPSC टॉपर्स के इंटरव्यू देखती थीं। उन्होंने परीक्षा के पाठ्यक्रम, तैयारी की रणनीति और अध्ययन सामग्री को समझने के बाद अपनी योजना बनाई। इसके बाद आवश्यक किताबें मंगवाकर नियमित पढ़ाई शुरू की। उनका दैनिक रूटीन भी बेहद अनुशासित था। वह सुबह करीब साढ़े पांच बजे उठती थीं और रात दस बजे तक अपना दिन समाप्त कर देती थीं। लगभग ढाई साल तक उन्होंने इसी दिनचर्या का पालन किया।
चौथे प्रयास में मिली सफलता
मोना जाखड़ को UPSC परीक्षा में चौथे प्रयास में सफलता मिली। शुरुआती दो प्रयासों में वह प्रारंभिक परीक्षा (Prelims) भी पास नहीं कर सकी थीं। हालांकि उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी कमजोरियों पर लगातार काम किया। इस दौरान उनके भाई और दोस्तों ने भी उनका भरपूर साथ दिया। उनका भाई पढ़ाई के लिए समय प्रबंधन में मदद करता था, जबकि उनकी सहेलियां मुस्कान और तान्या लगातार उनकी तैयारी पर नजर रखती थीं और उन्हें प्रेरित करती रहती थीं। मोना ने अपनी पूरी तैयारी मुख्य रूप से यूट्यूब, सेल्फ स्टडी और मॉक टेस्ट के जरिए की। उन्होंने किसी कोचिंग संस्थान से UPSC का फाउंडेशन कोर्स नहीं किया। हालांकि परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्होंने जोधपुर में कुछ मॉक टेस्ट जरूर दिए थे।

युवाओं को दिया खास संदेश
मेरठ में आयोजित कार्यक्रम में मोना जाखड़ ने कहा कि समाज से जुड़ाव व्यक्ति को नई ऊर्जा और दिशा देता है। उन्होंने कहा कि जिस समाज ने उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया, अब उनकी भी जिम्मेदारी है कि वह आने वाली पीढ़ी के लिए अवसरों का निर्माण करें और युवाओं को आगे बढ़ने में सहयोग दें।