फतेहाबाद की बहू ने बढ़ाया भारत और हरियाणा का गौरव, आस्ट्रेलिया में ग्लोबल सम्मान से सम्मानित

 | 
फतेहाबाद की बहू ने बढ़ाया भारत और हरियाणा का गौरव, आस्ट्रेलिया में ग्लोबल सम्मान से सम्मानित 

Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है। यहां फतेहाबाद जिले के गांव भूथन खुर्द की बहू डॉ देवास्मिता राय को मानसिक स्वास्थ्य, घरेलू एवं पारिवारिक हिंसा के प्रति जागरूकता और महिला सशक्तिकरण में उनके योगदान के लिए 'ग्लोबल वुमन ऑफ इन्फ्लुएंस 2026' सम्मान से नवाजा गया है। डॉ राय आस्ट्रेलिया में मानसिक स्वास्थ्य पेशेवर और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में कार्य करती है। 

आस्ट्रेलिया में बढ़ाया देश और प्रदेश का गौरव 

बता दें कि ग्लोबल विमेन ऑफ इन्फ्लुएंस अवॉर्ड्स उद्यमिता, कॉर्पोरेट नेतृत्व, विज्ञान और सामाजिक क्षेत्र सहित विभिन्न पेशों एवं करियर के अलग-अलग चरणों में महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मानित करते हैं। दुनिया भर से 1 हजार से ज्यादा नामांकन प्राप्त हुए थे। अंतरराष्ट्रीय निर्णायक मंडल में ऑस्ट्रेलिया सहित विभिन्न देशों के सांसद, राजनयिक और अन्य प्रमुख सार्वजनिक हस्तियां शामिल थीं। इन्होंने सार्वजनिक रूप से फैसला लेते हुए डॉ. देवास्मिता राय को ऑस्ट्रेलिया में मानसिक स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में वैश्विक सम्मान के लिए चयनित किया।

पुरस्कार समारोह 10 अक्टूबर 2026 को मेलबर्न के द लैंगहम होटल में आयोजित किया गया। उनका काम उनकी वेतनभोगी पेशेवर जिम्मेदारियों से कहीं आगे तक फैला हुआ है। मानसिक स्वास्थ्य और मनोसामाजिक कठिनाइयों का सामना कर रहे लोगों को सहायता देने के साथ-साथ वह सामुदायिक शिक्षा, अधिकारों की पैरवी और सामाजिक सक्रियता के माध्यम से महिलाओं एवं युवाओं के सशक्तिकरण में योगदान देती हैं। देवास्मिता घरेलू एवं पारिवारिक हिंसा के प्रति जागरूकता, भावनात्मक मजबूती विकसित करने, चिंता से निपटने, सम्मानजनक संबंधों, सहमति और व्यक्तिगत सीमाओं जैसे विषयों पर कार्यशालाएं आयोजित करती हैं।

फतेहाबाद के लिए गौरव का विषय 

कोलकाता में जन्मीं और पली-बढ़ीं डॉ देवास्मिता एक दशक से अधिक समय से ऑस्ट्रेलिया में रह रही हैं और वर्तमान में पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया में निवास करती हैं। उनका विवाह भूथन खुर्द निवासी रामेश्वर पूनिया के छोटे बेटे विनेश पूनिया से हुआ है। यह उपलब्धि केवल पूनिया परिवार और भूथन खुर्द गांव के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे फतेहाबाद जिले के लिए अत्यंत गर्व और गौरव का क्षण है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News