कुवैत में राजस्थान दर्पण संगठन के अध्यक्ष बने डायालाल प्रजापति
उनका कार्यकाल 3 वर्षों के लिए रहेगा
कुवैत 18 अगस्त 2025। डूंगरपुर निवासी डायालाल प्रजापति कुवैत में प्रवासी राजस्थानियों के संगठन 'राजस्थान दर्पण' के अध्यक्ष बने। यह नियुक्ति सर्वसम्मति से संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की उपस्थिति में की गई। उनका कार्यकाल 3 वर्षों के लिए रहेगा।
गरियाता–गलियाकोट, डूंगरपुर, मूल के प्रजापति वर्तमान में Caesars Travel Group (International Wings) में वरिष्ठ ट्रैवल कंसल्टेंट के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें यात्रा, वीज़ा, मीडिया, लेबर इंश्योरेंस और प्रवासी भारतीय, कुवैत सरकारी नीतियों पर परामर्श देने का 25 वर्षों का लंबा अनुभव है।
वे पूर्व में भाजपा गौरेश्वर मंडल ओबीसी मोर्चा के मंडल अध्यक्ष, छात्र नेता और कई गैर-लाभकारी संगठनों के सक्रिय सदस्य रह चुके हैं। भ्रष्टाचार, सामाजिक सुधार और पशु संरक्षण जैसे आंदोलनों में भी वे अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं।
नवनियुक्त अध्यक्ष प्रजापति ने कहा कि संगठन भारतीय दूतावास कुवैत के साथ मिलकर समुदाय की हर छोटी-बड़ी समस्या का समाधान करेगा। इसमें चिकित्सकीय सहायता, एयर टिकट और आपातकालीन सहयोग, ब्लड डोनेशन, दुर्घटना देखभाल, लेबर इंश्योरेंस, नई सरकारी नियमावली की जानकारी एवं जागरूकता अभियान प्रमुख होंगे।
विशेष परिस्थितियों में प्रवासियों की समस्याओं को राजस्थान सरकार, राजस्थान फाउंडेशन, सांसद,विधायक एवं जिला प्रशासन तक पहुँचाने का भी कार्य संगठन करता है। राजस्थान दर्पण संगठन की स्थापना 2009 में गई। यह संगठन भारतीय दूतावास, कुवैत और जयपुर राजस्थान दोनों में पंजीकृत संगठन है।