दिल्ली मेट्रो का 16 नए रूटों पर विस्तार ! यूपी-हरियाणा से होगी कनेक्ट, 217 KM में यहां बनेंगे 123 स्टेशन

 | 
दिल्ली मेट्रो का 16 नए रूटों पर विस्तार ! यूपी-हरियाणा से होगी कनेक्ट,  217 KM में यहां बनेंगे 123 स्टेशन

Udaipur Times, Delhi Metro : दिल्ली मेट्रो अपने अब तक के सबसे बड़े विस्तार की ओर बढ़ रही है। फेज-4, फेज-5A और फेज-5B के तहत निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इस विस्तार योजना के पूरा होने के बाद दिल्ली मेट्रो नेटवर्क में करीब 217 किलोमीटर नई लाइनें और 123 नए स्टेशन जुड़ जाएंगे। इससे राजधानी के दूरदराज इलाकों के साथ-साथ एनसीआर के कई शहरों की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।

इन इलाकों को मिलेगा सीधा फायदा

नई मेट्रो परियोजनाओं से नरेला, नजफगढ़, रोहिणी, तुगलकाबाद, माजलिस पार्क, शास्त्री नगर, मयूर विहार, दक्षिण और पश्चिम दिल्ली के कई क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इसके अलावा गाजियाबाद, नोएडा, फरीदाबाद और हरियाणा के सोनीपत को भी दिल्ली मेट्रो नेटवर्क से बेहतर तरीके से जोड़ा जाएगा।

फेज-4 में बन रहे हैं छह बड़े कॉरिडोर

फेज-4 के तहत छह प्रमुख मेट्रो कॉरिडोर पर काम जारी है। इनमें से तीन प्राथमिकता वाले कॉरिडोर 2026 के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है।

जनकपुरी वेस्ट-RK आश्रम मार्ग कॉरिडोर

मैजेंटा लाइन का यह विस्तार 28.92 किलोमीटर लंबा होगा और इसमें 22 स्टेशन होंगे। यह कॉरिडोर केशवपुरम, मंगोलपुरी, पीरागढ़ी, प्रशांत विहार, हैदरपुर और माजलिस पार्क जैसे क्षेत्रों को जोड़ेगा।

तुगलकाबाद-दिल्ली एयरोसिटी गोल्डन लाइन

नई गोल्डन लाइन के तहत 23.62 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में 15 स्टेशन होंगे। यह दक्षिण दिल्ली और फरीदाबाद को IGI एयरपोर्ट से जोड़ेगा। मार्ग में साकेत, छतरपुर, वसंत कुंज और महिपालपुर जैसे इलाके शामिल होंगे।

पिंक लाइन और ग्रीन लाइन का भी होगा विस्तार

माजलिस पार्क-मौजपुर पिंक लाइन विस्तार से दिल्ली का रिंग नेटवर्क और मजबूत होगा। वहीं इंदरलोक-इंद्रप्रस्थ ग्रीन लाइन विस्तार उत्तर दिल्ली को सीधे मध्य दिल्ली से जोड़ेगा। इससे कश्मीरी गेट और राजीव चौक जैसे व्यस्त इंटरचेंज स्टेशनों पर भीड़ कम होने की उम्मीद है।

हरियाणा तक पहुंचेगी दिल्ली मेट्रो

रिठाला-नरेला-कुंडली कॉरिडोर के जरिए पहली बार दिल्ली मेट्रो हरियाणा के सोनीपत के कुंडली तक पहुंचेगी। 26.46 किलोमीटर लंबे इस रूट पर 21 स्टेशन बनाए जाएंगे।

इंटरचेंज स्टेशन बढ़कर होंगे 55

फेज-4 पूरा होने के बाद दिल्ली मेट्रो के इंटरचेंज स्टेशनों की संख्या 29 से बढ़कर 55 हो जाएगी, जिससे यात्रियों को लाइन बदलने में आसानी होगी और सफर अधिक सुविधाजनक बनेगा।

फेज-5A और 5B में होगा बड़ा विस्तार

फेज-5A के तहत आरके आश्रम मार्ग-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर बनाया जाएगा, जो सेंट्रल विस्टा, इंडिया गेट, सुप्रीम कोर्ट, भारत मंडपम और कई सरकारी कार्यालयों को जोड़ेगा। वहीं एयरोसिटी-IGI एयरपोर्ट और तुगलकाबाद-कालिंदी कुंज कॉरिडोर भी विकसित किए जाएंगे।

फेज-5B के तहत करीब 97 किलोमीटर लंबे सात नए कॉरिडोर बनाए जाएंगे। इस चरण में 65 नए स्टेशन और 21 नए इंटरचेंज स्टेशन जुड़ेंगे। यह परियोजना 2029 तक पूरी होने का लक्ष्य है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News