दिल्ली-पानीपत-करनाल का सफर होगा आसान, जाने सरकार का 908 करोड़ रुपये का पूरा प्लान ?
Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : देश के शहरों को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक बनाने की दिशा में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। केंद्रीय मंत्रालय की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट के अनुसार, आवास एवं नगर विकास निगम ने वित्त वर्ष 2025-26 में 908.36 करोड़ रुपये के लाभांश की घोषणा की है। यह अब तक का उसका सबसे अधिक लाभांश है।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल को आवास एवं नगर विकास निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने लाभांश का चेक सौंपा। मंत्रालय की विभिन्न परियोजनाओं के अंतर्गत हरियाणा से जुड़ी एक वृहद परियोजना दिल्ली-पानीपत-करनाल का सफर आसान बनाने की दिशा में काम चल रहा है। मंत्रालय की ओर से शहरों में यातायात को सुगम बनाने, प्रदूषण घटाने, कचरे का बेहतर प्रबंधन करने और नई परिवहन सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। इन प्रयासों का उद्देश्य शहरों में रहने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने अपने मंत्रालय की साप्ताहिक रिपोर्ट में बताया कि चेन्नई में मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के तहत पूनामल्ली से वडापलाानी तक 15 किलोमीटर लंबे मार्ग का उद्घाटन किया जा चुका है। इसमें 3.7 किलोमीटर लंबा दोहरी सतह वाला ढांचा भी शामिल है।
मनोहर लाल के अनुसार, दिल्ली से पानीपत और करनाल के बीच नमो भारत रेल गलियारे का काम तेज किया जा रहा है। 136.0 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर वर्ष 2031 तक सेवाएं शुरू करने की योजना है। इसके शुरू होने पर दिल्ली से करनाल तक का सफर लगभग 90 मिनट में पूरा हो सकेगा।
कचरे से खाद, धूल रोकने के लिए विशेष वाहन
शहरों को स्वच्छ बनाने के लिए नई दिल्ली के संकल्प भवन परिसर में गीले कचरे से खाद बनाने की व्यवस्था शुरू की गई है। इसके तहत रसोई से निकलने वाले कचरे का उपयोग खाद बनाने में किया जाएगा। इस खाद को हरित क्षेत्रों में इस्तेमाल किया जा सकेगा।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के अनुसार, दिल्ली नगर निगम ने धूल से होने वाले प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए पानी का छिड़काव करने वाली मशीनों और धुआं कम करने वाले उपकरणों से लैस 12 विशेष वाहन सड़कों पर उतारे हैं। पटना में महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए कचरा छंटाई केंद्र और महिलाओं के लिए विशेष शौचालयों की पहल की गई है।