देलवाड़ा जैन सोसायटी, उदयपुर की नई कार्यकारिणी घोषित

पामेचा अध्यक्ष, कटारिया महामंत्री निर्वाचित
 | 
Delwara Jain Soceity Udaipur

 

Udaipur Times, Udaipur News: 14 जुलाई 2026। उदयपुर की देलवाड़ा जैन सोसायटी की द्विवार्षिक आमसभा एवं चुनाव गोकुल गार्डन में आयोजित हुए। सर्वसम्मति से राजेन्द्र पामेचा लगातार तीसरी बार अध्यक्ष तथा गजेन्द्र कटारिया दूसरी बार महामंत्री निर्वाचित हुए। अध्यक्ष पद के लिए हिम्मत बड़ाला ने प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन अनिल कटारिया ने किया। 

चुनाव अधिकारी ने निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की। इस अवसर पर सोसायटी की 20 वर्षों की सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों पर आधारित स्मारिका का विमोचन पूर्व महापौर रजनी डांगी एवं कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा किया गया। पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने मोबाइल के माध्यम से समाजजनों को शुभकामनाएं प्रेषित की।

अध्यक्ष राजेन्द्र पामेचा ने बताया कि वर्ष 2005 से कार्यरत सोसायटी उदयपुर में निवासरत देलवाड़ा के 185 परिवारों को एकता के सूत्र में जोड़ते हुए सेवा, संस्कार और सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने आगामी कार्यकाल के लिए संगठन को सशक्त बनाने हेतु वाणी में संयम, व्यवहार, समय नियोजन, चरित्र और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।

महामंत्री गजेन्द्र कटारिया ने गत वर्षों की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि सोसायटी ने राष्ट्रभक्ति आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम, वृक्षारोपण, परिंडे वितरण, ग्रामीण विद्यालय गोद लेने, वस्त्र एवं शैक्षणिक सामग्री वितरण, धार्मिक प्रतियोगिताएं, सामूहिक सामायिक, वरिष्ठजन सम्मान, महिला एवं बालिकाओं के लिए सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण, आरोग्य शिविर, योग, सीपीआर प्रशिक्षण तथा नि:शुल्क चिकित्सा एवं नेत्र जांच शिविर जैसे अनेक सेवा कार्य सफलतापूर्वक संचालित किए हैं।

कार्यक्रम का संचालन मंत्री महावीर मेहता ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष बंसीलाल चौहान ने दिया। समारोह में समाज के अनेक वरिष्ठजन, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News