शौर्य चक्र विजेता शहीद मेजर मुस्तफा बोहरा के परिवार को न्याय दिलाने की मांग, राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन

शौर्य चक्र जैसे सर्वोच्च वीरता अलंकरण से सम्मानित शहीद के परिवार को आज भी अपने वैधानिक एवं नीतिगत अधिकारों के लिए वर्षों से सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
 | 
Justice for Major Mustafa Bohra

 

Udaipur Times, Udaipur News:  4 जुलाई 2026। , भाजपा उदयपुर देहात के पूर्व कार्यवाहक जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह सोलंकी ने भारत की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राजस्थान सरकार के सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़, राजस्थान के मुख्य सचिव पी. श्रीनिवास, को विस्तृत ज्ञापन प्रेषित कर मेवाड़ के वीर सपूत एवं मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित शहीद मेजर मुस्तफा बोहरा के परिवार को राजस्थान सरकार की कारगिल पैकेज योजना तथा शौर्य चक्र विजेता योजना के अंतर्गत देय सभी वित्तीय एवं गैर-वित्तीय लाभ तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की है। Udaipur News

वीरेन्द्र सिंह सोलंकी ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि शहीद मेजर मुस्तफा बोहरा ने 21 अक्टूबर 2022 को राष्ट्र की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनके अद्वितीय साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के सम्मान में भारत की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने 5 जुलाई 2024 को नई दिल्ली में आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह में उनके परिजनों को मरणोपरांत शौर्य चक्र प्रदान किया। यह सम्मान केवल शहीद के परिवार का ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मेवाड़, राजस्थान और राष्ट्र का गौरव है। Udaipur News

सोलंकी ने कहा कि अत्यंत दुःख और आश्चर्य का विषय है कि शौर्य चक्र जैसे सर्वोच्च वीरता अलंकरण से सम्मानित शहीद के परिवार को आज भी अपने वैधानिक एवं नीतिगत अधिकारों के लिए वर्षों से उदयपुर और जयपुर के विभिन्न सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि राज्य सरकार की स्पष्ट योजनाओं एवं आदेशों के बावजूद शहीद परिवार को निर्धारित लाभ समय पर प्राप्त नहीं हो पा रहे हैं, तो यह प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। Udaipur News

सोलंकी ने आरोप लगाया कि राजस्थान हाउसिंग बोर्ड, उदयपुर विकास प्राधिकरण तथा संबंधित प्रशासनिक विभागों में शहीद परिवार से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रकरण लंबे समय से लंबित पड़े हैं। उनके अनुसार राज्य सरकार द्वारा कारगिल पैकेज योजना एवं शौर्य चक्र विजेता योजना के अंतर्गत स्पष्ट प्रावधान होने के बावजूद संबंधित मामलों का समयबद्ध निस्तारण नहीं होना अत्यंत गंभीर एवं चिंताजनक स्थिति है। उन्होंने कहा कि यदि शौर्य चक्र विजेता शहीद के परिवार को भी अपने वैधानिक अधिकारों के लिए वर्षों तक संघर्ष करना पड़े, तो यह शासन एवं प्रशासन की संवेदनशीलता पर प्रश्नचिह्न है। Udaipur News

वीरेन्द्र सिंह सोलंकी ने कहा कि शहीदों के परिवारों को सम्मान और राहत प्रदान करना केवल प्रशासनिक औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्र का नैतिक दायित्व है। ऐसे परिवारों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ें, यह किसी भी संवेदनशील शासन व्यवस्था के लिए उचित नहीं माना जा सकता। Udaipur News

वीरेन्द्र सिंह सोलंकी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मांग की है कि इस पूरे प्रकरण के लिए तत्काल एक विशेष नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए, जो आगामी 15 दिनों के भीतर शहीद मेजर मुस्तफा बोहरा के परिवार से संबंधित सभी लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर उनकी वैध एवं न्यायोचित मांगों का समाधान सुनिश्चित करे। साथ ही राजस्थान सरकार की कारगिल पैकेज योजना तथा शौर्य चक्र विजेता योजना के अंतर्गत देय प्रत्येक वित्तीय एवं गैर-वित्तीय लाभ की उच्चस्तरीय समीक्षा कर उन्हें तत्काल प्रभाव से उपलब्ध कराया जाए। Udaipur News

ज्ञापन में प्रमुख मांगें 

1. राजस्थान सरकार की सैनिक कल्याण नीति में कारगिल पैकेज योजना के अंतर्गत शहीद मेजर मुस्तफा बोहरा के परिवार को देय सभी वित्तीय एवं अन्य लाभों का तत्काल सत्यापन कर बिना किसी और विलंब के उपलब्ध कराया जाए।

2. राजस्थान सरकार की सैनिक कल्याण नीति में कारगिल पैकेज योजना के प्रावधानों के अनुसार राजस्थान हाउसिंग बोर्ड का एक एमआईजी आवास शहीद मेजर मुस्तफा बोहरा के परिवार को तत्काल आवंटित किया जाए। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि यह प्रकरण वर्ष 2023 से लंबित है तथा फाइल अंतिम निर्णय की प्रतीक्षा में बताई जा रही है। सरकार इस प्रकरण का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करे।

3. शौर्य चक्र विजेता योजना के अंतर्गत देय 220 वर्गमीटर का आवासीय भूखंड रियायती आरक्षित दर पर शहीद मेजर मुस्तफा बोहरा के परिवार को तत्काल आवंटित किया जाए। ज्ञापन के अनुसार यह प्रकरण भी वर्ष 2023 से लंबित है, जबकि योजना के अंतर्गत इसकी पात्रता स्पष्ट है।

4. राजस्थान सरकार की सैनिक कल्याण नीति के अनुसार उदयपुर की प्रमुख रानी रोड का नाम बदलकर "शहीद मेजर मुस्तफा बोहरा मार्ग" रखा जाए। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि इस संबंध में लंबे समय से पत्राचार चल रहा है, किंतु अब तक अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। अतः उदयपुर विकास प्राधिकरण एवं राज्य सरकार आवश्यक कार्यवाही करते हुए इस प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करें, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ इस महान वीर सपूत के अद्वितीय साहस एवं सर्वोच्च बलिदान से प्रेरणा प्राप्त कर सकें।

5. राजस्थान सरकार की सैनिक कल्याण नीति के अनुसार खेरोदा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का नाम परिवर्तित कर "शहीद मेजर मुस्तफा बोहरा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय" रखा जाए। खेरोदा में "शहीद मेजर मुस्तफा बोहरा स्मारक" का निर्माण कराया जाए, जिससे यह स्थान राष्ट्रभक्ति, सैन्य गौरव एवं युवा पीढ़ी के लिए स्थायी प्रेरणा केन्द्र के रूप में विकसित हो सके।

7. प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर, जो शहीद मेजर मुस्तफा बोहरा का शहादत दिवस है, उसे राजस्थान सरकार की सैनिक कल्याण नीति के अनुरूप उदयपुर जिला स्तर पर "शहीद मेजर मुस्तफा बोहरा शौर्य चक्र विजेता श्रद्धांजलि दिवस" के रूप में राजकीय स्तर पर मनाया जाए। इस अवसर पर जिला प्रशासन, सैनिक कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग तथा पूर्व सैनिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आधिकारिक श्रद्धांजलि समारोह, रक्तदान शिविर, प्रेरक व्याख्यान, विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रभक्ति संबंधी कार्यक्रम एवं अन्य आयोजन किए जाएँ।


 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News