राजस्थान संपर्क पोर्टल पर लंबित शिकायतों को लेकर एक्शन मोड में विभाग, निदेशक ने किया निरीक्षण
Udaipur Times, Rajasthan News: 19 जून 2026। जल ग्रहण विकास एवं भू संरक्षण विभाग की निदेशक एवं पदेन विशिष्ट शासन सचिव कल्पना अग्रवाल ने शुक्रवार को राजस्थान संपर्क पोर्टल (181) के कॉल सेंटर का निरीक्षण कर विभाग से संबंधित परिवादों एवं मांगों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने परिवादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। Rajasthan News
श्रीमती अग्रवाल ने बताया कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर अब तक विभाग से संबंधित कुल 1,643 परिवाद प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 1,372 का निस्तारण किया जा चुका है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय बैठकों में राजस्थान संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा की जाए तथा जिन जिलों में शिकायतों के निस्तारण में अपेक्षाकृत अधिक समय लग रहा है, वहां संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। Rajasthan News
उन्होंने कॉल सेंटर में विभिन्न जिलों के परिवादियों से स्वयं दूरभाष पर वार्ता भी की। बालोतरा जिले के जबरू खान से बातचीत के दौरान उन्होंने अपने खेत में निर्मित टांके की गुणवत्ता संबंधी समस्या के समाधान पर संतोष व्यक्त किया। जालौर के धर्मराज, डीडवाना-कुचामन के ओमप्रकाश, बालोतरा के हुसैन खान तथा जैसलमेर के ताराचंद से टांका निर्माण एवं गुणवत्ता संबंधी शिकायतों पर की गई कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली गई। सभी परिवादियों ने विभाग द्वारा की गई कार्यवाही पर संतुष्टि व्यक्त की। Rajasthan News
इसी प्रकार चित्तौड़गढ़ जिले से एक परिवादी द्वारा अवगत कराया गया कि उनके द्वारा उनके क्षेत्र में स्थित नाले के दोनों तरफ एनीकट बनने से उत्पन्न अवरोध को हटाने की मांग संपर्क पोर्टल पर की गई थी, जिसका समाधान कर दिया गया है। पोर्टल के माध्यम से अलवर जिले से संवेदक हीरालाल जी की भुगतान संबंधी शिकायतों का भी समाधान किया गया था, जिसपर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। श्रीमती अग्रवाल ने कोटपुतली-बहरोड़ से पप्पू सिंह से बात कर एनिकट को गहरा करवाने की मांग पर उचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। Rajasthan News
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए विभिन्न विभागों के सचिव निर्धारित तिथियों पर राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) कंट्रोल रूम में उपस्थित होकर परिवादियों से सीधे संवाद कर रहे हैं। इस पहल के माध्यम से नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज कराकर उनके शीघ्र समाधान का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
