अचानक शुरू हो गई झमाझम बारिश ? दौड़ने की बजाय अपनाएं ये स्मार्ट तरीके, नहीं भीगेंगे कपड़े और सामान

 | 
अचानक शुरू हो गई झमाझम बारिश ? दौड़ने की बजाय अपनाएं ये स्मार्ट तरीके, नहीं भीगेंगे कपड़े और सामान 

Udaipur Times, How To Stay Dry Without Umbrella: मानसून के मौसम में कब तेज धूप के बीच अचानक काले बादल छा जाएं और बारिश शुरू हो जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। कई बार लोग जल्दबाजी में घर से बिना छाता या रेनकोट लिए निकल जाते हैं और बीच रास्ते में बारिश में फंस जाते हैं। हालांकि, कुछ आसान और स्मार्ट तरीके अपनाकर आप खुद को और अपने जरूरी सामान को काफी हद तक भीगने से बचा सकते हैं।

खुले रास्ते की बजाय ढकी हुई जगह का लें सहारा

बारिश शुरू होते ही खुले में लगातार चलते रहने के बजाय किसी दुकान की शेड, बस स्टॉप, मेट्रो स्टेशन, पेट्रोल पंप या किसी इमारत के गेट के नीचे रुक जाएं। एक ढकी हुई जगह से दूसरी ढकी हुई जगह तक बढ़ने से आप कम भीगेंगे। कई बार कुछ मिनट इंतजार करने से बारिश भी हल्की हो जाती है।

बैग को बनाएं सुरक्षा कवच

अगर आपके पास बैग है तो उसे पीठ की बजाय सामने की तरफ टांग लें। इससे शरीर का आगे का हिस्सा और बैग में रखा सामान काफी हद तक सुरक्षित रहेगा। मोबाइल, लैपटॉप, दस्तावेज और पर्स जैसी जरूरी चीजों को प्लास्टिक बैग या पॉलीथिन में रख दें ताकि वे पानी से खराब न हों।

दौड़ने की बजाय तेज कदमों से चलें

बारिश शुरू होते ही कई लोग दौड़ने लगते हैं, लेकिन ऐसा करने से सड़क पर जमा पानी के छींटे ज्यादा पड़ते हैं और फिसलने का खतरा भी बढ़ जाता है। बेहतर है कि तेज कदमों से चलें, सिर थोड़ा झुकाकर रखें और जहां ज्यादा पानी भरा हो वहां जाने से बचें।

दुपट्टा, स्कार्फ या बैग का करें इस्तेमाल

अगर आपने दुपट्टा, स्कार्फ, हुडी या लंबी शर्ट पहन रखी है तो उससे सिर और कंधों को ढक लें। यदि ऐसा कुछ नहीं है तो जरूरत पड़ने पर बैग को भी सिर के ऊपर रख सकते हैं। इससे शरीर का ऊपरी हिस्सा कम भीगेगा।

सड़क किनारे जमा पानी से रहें दूर

बारिश के दौरान सड़क किनारे जमा पानी में चलने से बचें। तेज रफ्तार से गुजरने वाली गाड़ियां गंदा पानी उछाल सकती हैं, जिससे कपड़े और सामान दोनों खराब हो सकते हैं। ऐसे में फुटपाथ या सड़क के अंदरूनी हिस्से से चलना ज्यादा सुरक्षित माना जाता है।

विशेषज्ञों का कहना है कि मॉनसून में घर से निकलते समय हमेशा मौसम का अपडेट देखकर निकलें और संभव हो तो बैग में एक छोटा फोल्डिंग छाता या हल्का रेनकोट जरूर रखें। इससे अचानक होने वाली बारिश में परेशानी से बचा जा सकता है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News