हरियाणा में पंचायत और निकायों की संपत्तियों का बनेगा डिजिटल रिकार्ड, जाने सरकार का नया प्लान ?

 | 
हरियाणा में पंचायत और निकायों की संपत्तियों का बनेगा डिजिटल रिकार्ड, जाने सरकार का नया प्लान ?

Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा के पंचायतों और नगर निकायों की जमीन, भवनों और अन्य संपत्तियों का डिजिटल रिकार्ड तैयार किया जाएगा। साथ ही अतिरिक्त आय जुटाने के रास्ते तलाशे जाएंगे। प्रापर्टी टैक्स, लाइसेंस फीस, यूजर चार्ज और अन्य गैर-कर राजस्व स्रोत मजबूत करने की रणनीति पर भी मंथन होगा।

सोमवार को गुरुग्राम यूनिवर्सिटी में शुरू हो रहे दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में वित्तीय और प्रशासनिक सुधारों का रोडमैप तैयार करने की रूपरेखा बनेगी। स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान की ओर से आयोजित सम्मेलन में देशभर के वित्तीय विशेषज्ञ, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद और निर्वाचित जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल और विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार भी इसमें हिस्सा लेंगे। इस दौरान नगर निकायों की जमीन, भवनों और अन्य परिसंपत्तियों का डिजिटल रजिस्टर तैयार करने पर चर्चा होगी। पंचायतों की परिसंपत्तियों का रिकार्ड बनाकर उनके उत्पादक इस्तेमाल के विकल्प भी तलाशे जाएंगे।

वर्तमान में बड़ी संख्या में पंचायतें और नगर निकाय विकास कार्यों के लिए केंद्र और राज्य सरकार के अनुदान पर निर्भर हैं। सम्मेलन में स्थानीय स्तर पर राजस्व जुटाने, संपत्तियों का बेहतर उपयोग करने और करों तथा शुल्कों की वसूली मजबूत करने के उपायों पर चर्चा होगी।

हरियाणा के लिए सुधार रोडमैप की रखी जाएगी रूपरेखा

नगर निकायों में वित्तीय प्रबंधन, लेखांकन, संपत्ति रिकार्ड और नागरिक सेवाओं के लिए स्मार्ट गवर्नेंस टूल, जबकि पंचायतों में ई-पंचायत, वित्तीय साक्षरता और लेखांकन अनुपालन मजबूत करने पर विचार होगा। पहले दिन आगरा की मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाहा, पटना की मेयर सीता साहू और सूरत की मेयर मायाबेन धर्मेंद्रभाई मवानी अपने अनुभव साझा करेंगी। फ्लेम यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर मनोज पांडा स्थानीय शासन और वित्तीय स्थिरता पर विशेष संबोधन देंगे। वह 16वें वित्त आयोग के पूर्व सदस्य भी रह चुके हैं। दूसरे दिन शहरी निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के लिए अलग-अलग तकनीकी सत्र होंगे। प्रतिनिधियों से प्रश्नावली के जरिए सुझाव लिए जाएंगे। समापन सत्र में तकनीकी सत्रों की रिपोर्ट पेश होगी और हरियाणा के लिए सुधार रोडमैप की रूपरेखा रखी जाएगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News