हरियाणा में शीतलहर को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, DC ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश

 | 
हरियाणा में शीतलहर को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, DC ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश

Udaipur Times, Haryana news : शीतलहर एवं अत्यधिक ठंड से आमजन को सुरक्षित रखने तथा बीमारियों एवं जनहानि की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। जिलाधीश एवं उपायुक्त आयुष सिन्हा ने संबंधित विभागों को आमजन की सुरक्षा, राहत एवं स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शीतलहर से बचाव के लिए बहु-विभागीय एवं समन्वित प्रयास जरूरी हैं। इसके तहत जरूरतमंद एवं कमजोर वर्गों के लिए रैन बसेरों व अस्थायी आश्रय स्थलों की व्यवस्था, कंबल, गर्म कपड़े, भोजन एवं अन्य आवश्यक सामग्री की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

जिलाधीश आयुष सिन्हा ने कहा कि शीतलहर से संबंधित मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनियां सोशल मीडिया, स्थानीय केबल नेटवर्क, एफएम रेडियो, सामुदायिक रेडियो सहित विभिन्न माध्यमों से आमजन तक पहुंचाई जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को शीतलहर से बचाव के उपायों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा आमजन से मौसम विभाग की एडवाइजरी के अनुसार आवश्यक गतिविधियां करने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों, दिव्यांगजनों, अकेले रहने वाले व्यक्तियों, बेघर लोगों एवं खुले में काम करने वाले श्रमिकों का ध्यान रखने को कहा। नागरिक पर्याप्त गर्म कपड़े पहनें, शरीर को सूखा एवं गर्म रखें, पौष्टिक भोजन व विटामिन-सी से भरपूर फल-सब्जियों का सेवन करें तथा पर्याप्त तरल पदार्थ लें। त्वचा को रूखेपन से बचाने के लिए तेल, पेट्रोलियम जेली या बॉडी क्रीम का इस्तेमाल किया जा सकता है। सर्दी-जुकाम, नाक बहने, नाक से खून आने या अन्य ठंड संबंधी लक्षणों के बढ़ने पर चिकित्सकीय सलाह लें।

जिलाधीश आयुष सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरतमंद, बेघर एवं खुले में रहने वाले लोगों के लिए रैन बसेरों की पर्याप्त व्यवस्था की जाए और इनमें कंबल, रजाई, गर्म कपड़े, भोजन, ईंधन सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें। सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं तथा सक्षम नागरिकों को जरूरतमंदों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाने के लिए प्रेरित किया जाए। सार्वजनिक स्थानों पर आवश्यकतानुसार वार्म सेंटर एवं अस्थायी आश्रय स्थल स्थापित कर उनकी सुविधाओं की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने आमजन से शीतलहर में अनावश्यक यात्रा एवं लंबे समय तक ठंड के संपर्क से बचने तथा बंद कमरे में कोयला, लकड़ी या अन्य ईंधन जलाकर न सोने की अपील की, क्योंकि इससे जहरीली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस उत्पन्न हो सकती है। घरों में पर्याप्त वेंटिलेशन रखें और शराब का सेवन कर ठंड से बचने का प्रयास न करें, क्योंकि इससे हाइपोथर्मिया का खतरा बढ़ सकता है।

शीतलहर के दौरान स्वास्थ्य विभाग को सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं नागरिक अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों एवं गर्मी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य संस्थानों को फ्रॉस्टबाइट, हाइपोथर्मिया एवं ठंड से संबंधित बीमारियों के उपचार के लिए तैयार रखने तथा एंबुलेंस सेवाएं सुचारू बनाए रखने को कहा गया है। आशा एवं एएनएम कार्यकर्ताओं को ठंड से संबंधित बीमारी के शुरुआती लक्षणों की पहचान एवं प्राथमिक उपचार के लिए जागरूक किया जाएगा। साथ ही, बुजुर्गों, बेघर एवं अन्य संवेदनशील लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए मोबाइल स्वास्थ्य टीमों एवं आउटरीच गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।

जिलाधीश ने कृषि विभाग को शीतलहर एवं पाले से फसलों को होने वाले नुकसान की रोकथाम के लिए किसानों को आवश्यक तकनीकी सलाह देने के निर्देश दिए हैं। किसानों को फसलों एवं बागवानी पौधों की सुरक्षा के लिए उपयुक्त किस्मों का चयन, मल्चिंग, पौधों को ढकने, विंड ब्रेक एवं शेल्टर बेल्ट विकसित करने तथा आवश्यकता अनुसार हल्की एवं बार-बार सिंचाई और स्प्रिंकलर सिंचाई अपनाने के लिए जागरूक किया जाएगा। साथ ही, शीतलहर के दौरान मिट्टी की ऊपरी सतह को अनावश्यक रूप से न छेड़ने तथा पोषक तत्वों का प्रयोग करने से बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि कम तापमान में पौधों की जड़ों की सक्रियता प्रभावित होती है।

पशुपालन विभाग को शीतलहर के दौरान पशुओं एवं पोल्ट्री की विशेष देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पशुओं के बाड़ों को रात में ढककर ठंडी हवाओं से बचाने, सूखी बिछावन सामग्री का इस्तेमाल करने तथा पर्याप्त पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने को कहा गया है। पोल्ट्री फार्मों में चूजों को कृत्रिम रोशनी एवं उचित तापमान के माध्यम से गर्म रखने तथा पशुओं को खुले में छोड़ने, ठंडा चारा व पानी देने और पशु मेलों के आयोजन से बचने की सलाह दी गई है। पशु आश्रयों में नमी एवं धुएं से भी बचाव सुनिश्चित किया जाए।

नगर निगम एवं अन्य शहरी स्थानीय निकायों को रैन बसेरों, कंबल, भोजन, ईंधन एवं अन्य राहत संसाधनों की उपलब्धता तथा आश्रय स्थलों की क्षमता की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। अत्यधिक ठंड के दौरान खुले स्थानों पर होने वाले बड़े आयोजनों की समीक्षा करने तथा झुग्गी-बस्तियों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों, एकल महिलाओं एवं कमजोर वर्गों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया है।

ग्रामीण क्षेत्रों में विकास एवं पंचायत विभाग को ग्राम पंचायतों के माध्यम से शीतलहर से बचाव के उपायों का प्रचार-प्रसार करने तथा ग्राम सभाओं के एजेंडे में इससे संबंधित Do's एवं Don'ts शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं। गांवों में कमजोर वर्गों की पहचान कर जरूरत पड़ने पर पंचायत भवनों एवं सामुदायिक केंद्रों को अस्थायी आश्रय स्थल के रूप में उपयोग करने तथा जरूरतमंद परिवारों को कंबल, ऊनी कपड़े एवं मोजे उपलब्ध कराने को कहा गया है। साथ ही, व्हाट्सऐप, एसएमएस, रेडियो एवं सोशल मीडिया के माध्यम से शीतलहर संबंधी चेतावनियां प्रसारित की जाएंगी।

जिलाधीश आयुष सिन्हा ने आमजन से शीतलहर में अत्यधिक ठंड के संपर्क से बचने की अपील करते हुए कहा कि लगातार कंपकंपी, शरीर का तापमान कम होना, भ्रम, बोलने में कठिनाई, अत्यधिक नींद या बेहोशी जैसे लक्षण दिखने पर प्रभावित व्यक्ति को तुरंत गर्म स्थान पर ले जाकर चिकित्सकीय सहायता लें। हाइपोथर्मिया की स्थिति में शरीर को सूखा एवं गर्म रखें तथा कंबल से धीरे-धीरे गर्म करें। बेहोशी की स्थिति में कोई तरल पदार्थ न दें और फ्रॉस्टबाइट प्रभावित हिस्से की मालिश न करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सभी संबंधित विभागों के समन्वय से नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News