हरियाणा में आंधी-तूफान को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, DC ने जारी किए ये सख्त निर्देश
Udaipur Times, Haryana News, भिवानी : आंधी और तूफान की संभावना के मद्देनजर जिला प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। उपायुक्त एवं जिलाधीश साहिल गुप्ता ने जिले में संभावित तेज आंधी, बारिश, बिजली गिरने तथा ओलावृष्टि को देखते हुए सभी विभागों को बचाव संबंधी आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
जारी आदेशों के अनुसार मौसम में एकाएक बदलाव से आंधी और तूफान की आशंका बनी रहती है। खराब मौसम में जनजीवन, पशुधन, सार्वजनिक संपत्ति, यातायात व्यवस्था, बिजली ढांचे तथा अन्य आवश्यक सेवाओं को नुकसान पहुंचने की आशंका है। इसी के चलते जिलाधीश ने सभी जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने तथा आपातकालीन स्थिति में पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने पुलिस विभाग, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग, नगर निकायों, डीएचबीवीएन तथा आपदा प्रबंधन टीमों को चौबीसों घंटे तैयार रहने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
वहीं आम नागरिकों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक आवाजाही से बचें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। तेज आंधी एवं बिजली चमकने के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों तथा कमजोर ढांचों के नीचे शरण न लें। संबंधित विभागों को जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सड़कों पर गिरे पेड़ों एवं अवरोधों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेशों में सभी शिक्षण संस्थानों एवं फील्ड स्टाफ को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने को कहा गया है। जिला नियंत्रण कक्ष भिवानी को 24 घंटे संचालित रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक 01664-242172 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
डीसी साहिल गुप्ता ने सभी एसडीएम एवं विभागाध्यक्षों को मुख्यालय पर उपस्थित रहने तथा रेड अलर्ट अवधि के दौरान हर समय उपलब्ध रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आदेशों की अवहेलना करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
