उदयपुर में VB G RAM G का जिला स्तरीय शुभारंभ, अब 125 दिन रोजगार की गारंटी
Udaipur Times, Udaipur News: 2 जुलाई 2026। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, आधारभूत विकास और आत्मनिर्भरता को नई गति देने के उद्देश्य से विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन VB G RAM G एक्ट का जिला स्तरीय शुभारंभ समारोह गुरुवार को गिर्वा पंचायत समिति की पीपलवास ग्राम पंचायत में आयोजित हुआ।
नवीन एक्ट के तहत अब पात्र ग्रामीण परिवारों को प्रतिवर्ष 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों के रोजगार की गारंटी मिलेगी। प्रत्येक 15 दिनों में पारिश्रमिक का भुगतान होगा साथ ही योजना के तहत विकास कार्यों का दायरा भी बढ़ाया गया है, जिससे गांवों में रोजगार के साथ स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण भी तेजी से हो सकेगा।
इस अवसर पर समारोह के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया ने कहा केंद्र सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक विकसित भारत का निर्माण करना है और इसी कड़ी में देश की प्रत्येक ग्राम पंचायत को भी विकसित श्रेणी में लाने की दिशा में योजनाबद्ध प्रयास किए जा रहे हैं।
समाजसेवी गजपाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित भारत जी-रामजी एक्ट ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक कदम है। इससे गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, आधारभूत विकास को गति मिलेगी और विकसित भारत के संकल्प को नई मजबूती मिलेगी। वहीं गिर्वा पंचायत समिति के पूर्व प्रधान तख्तसिंह शक्तावत ने एक्ट की खूबियां गिनाते हुए ग्रामीणों से आह्वान किया कि राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रहे हैं, आमजन इन शिविरों में पहुंचकर अधिकाधिक सरकारी योजनाओं का लाभ लें।
जिला परिषद एसीईओ विरमा राम ने विकसित भारत जी-रामजी एक्ट के उद्देश्यों और प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण और समग्र विकास की सोच पर आधारित है।
समारोह के दौरान ग्रामीणों को योजना की विशेषताओं, रोजगार संबंधी प्रावधानों तथा विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी भी दी गई। उपस्थित स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ग्रामीणों से सक्रिय भागीदारी निभाने और गांवों के समग्र विकास में सहयोग करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन रणजीतसिंह राणावत ने किया। अवसर पर बीडीओ अजित सिंह, राजीविका डीपीएम ख्यालीलाल खटीक सहित ग्रामीण विकास विभाग एवं विभिन्न विभागों अधिकारी-कमर्चारी तथा बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
