हरियाणा में 19 और 20 नवंबर को होगा जिला स्तरीय युवा महोत्सव, 15 से 29 वर्ष तक के युवा ले सकेंगे भाग

 | 
हरियाणा में 19 और 20 नवंबर को होगा जिला स्तरीय युवा महोत्सव, 15 से 29 वर्ष तक के युवा ले सकेंगे भाग

हिसार, 02 नवंबर : युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने और उनकी रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हिसार में 19 और 20 नवंबर को जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त महेंद्र पाल की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।

यह जानकारी देते हुए राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हिसार के प्रधानाचार्य एवं जिला युवा समन्वय अधिकारी डॉ रविन्द्र झोरड़ ने बताया कि इस महोत्सव में जिला हिसार के सभी पात्र युवा भाग ले सकते हैं। इसके अलावा हरियाणा के स्थायी निवासी ऐसे युवा भी प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले सकेंगे, जो जिला हिसार के किसी स्कूल, कॉलेज या विश्वविद्यालय में अध्ययनरत हैं। उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान लोक नृत्य समूह, लोक गीत समूह, पेंटिंग, नुक्कड़ नाटक समूह, कविता लेखन, फॉक म्यूजिकल इंस्ट्रुमेंटल ग्रुप प्रतियोगिता और लोक वाद्य संगीत समूह सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। समूह प्रतियोगिताओं में 21 हजार से 41 हजार रुपये तथा एकल प्रतियोगिताओं में 2100 से 4100 रुपये तक के पुरस्कार दिए जाएंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

जिला युवा समन्वय अधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक युवाओं के लिए माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। इसके साथ ही आवेदन फॉर्म की हार्ड कॉपी भरकर आवश्यक दस्तावेज संलग्न करने होंगे। इनमें परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण-पत्र अथवा दसवीं कक्षा की अंकतालिका, पासपोर्ट साइज फोटो और बैंक खाते की फोटो कॉपी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आवेदन फॉर्म एवं आवश्यक दस्तावेज 16 नवंबर 2026 तक युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग हरियाणा के अंतर्गत जिले के विभिन्न ब्लॉक स्तरीय राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में जमा करवाए जा सकते हैं। 

इनमें आईटीआई हिसार, बरवाला, सुरेवाला, आदमपुर, बालसमंद और नलवा शामिल हैं। महोत्सव से संबंधित अधिक जानकारी के लिए युवा संबंधित ब्लॉक स्तरीय आईटीआई में ब्लॉक युवा समन्वय अधिकारी एवं जिला युवा समन्वय अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News