आंधी-तूफान में न उखड़ें सोलर पैनल ! जानिए कितनी ऊंचाई पर लगाना रहेगा फायदेमंद ?
Udaipur Times, Solar Panel Height : घर की छत पर सोलर पैनल लगवाते समय लोग अक्सर पैनल, इनवर्टर और कीमत पर ध्यान देते हैं, लेकिन सोलर स्ट्रक्चर की ऊंचाई भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। गलत ऊंचाई पर लगाए गए पैनल से बिजली उत्पादन प्रभावित होने के साथ तेज हवा और बारिश में नुकसान का खतरा बढ़ सकता है।
1-2 फीट की ऊंचाई पर हो सकती है परेशानी
कई लोग खर्च बचाने या रखरखाव आसान रखने के लिए पैनल को छत से महज 1-2 फीट ऊपर लगवा देते हैं। लंबे समय के लिए यह सही विकल्प नहीं माना जाता। पैनल के नीचे पर्याप्त हवा का प्रवाह नहीं होने से गर्मी बढ़ सकती है, जिससे इसकी दक्षता प्रभावित हो सकती है।
छत के बहुत करीब पैनल लगाने पर धूल-मिट्टी भी ज्यादा जमा हो सकती है। बारिश के पानी और नमी का असर वायरिंग व स्ट्रक्चर पर पड़ने का खतरा रहता है। इसके अलावा पानी की टंकी, दीवार या आसपास की किसी वस्तु की छाया पैनल पर पड़ने से बिजली उत्पादन कम हो सकता है।
7 से 8.5 फीट तक के स्ट्रक्चर में रखे सावधानी
लो-राइज बिल्डिंग में जरूरत के अनुसार पैनल को करीब 7 से 8.5 फीट तक ऊंचे स्ट्रक्चर पर लगाया जा सकता है। लेकिन इतनी ऊंचाई पर लगाने के लिए मजबूत कंक्रीट ग्राउटिंग और हैवी GI फ्रेम जरूरी है। तेज हवा वाले इलाकों में स्ट्रक्चर की मजबूती और एंकरिंग पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
सिर्फ ऊंचाई नहीं, स्ट्रक्चर की मजबूती भी जरूरी
सोलर पैनल के लिए कोई एक ऊंचाई हर घर पर लागू नहीं होती। छत की स्थिति, हवा की गति, पैनल का आकार, आसपास की रुकावटें और स्ट्रक्चर का डिजाइन देखकर ऊंचाई तय करनी चाहिए। बहुत ऊंचा स्ट्रक्चर तेज हवाओं में ज्यादा लोड ले सकता है, इसलिए इंस्टॉलेशन से पहले विशेषज्ञ से साइट की जांच कराना बेहतर है। इसलिए सोलर पैनल लगवाते समय केवल ऊंचाई देखकर फैसला न करें। सही एंगल, पर्याप्त एयर गैप, मजबूत फ्रेम और सुरक्षित एंकरिंग—ये सभी चीजें पैनल की लंबी उम्र और बेहतर बिजली उत्पादन के लिए जरूरी हैं।
