क्या आप भी घूमना चाहते है 3000 रुपए में पूरा उदयपुर, कैब और होटल के बिना ऐसे बनाए ट्रिप प्लान
Udaipur Times, Udaipur Trip Plan : राजस्थान के उदयपुर को झीलों, महलों और खूबसूरत पहाड़ियों का शहर कहा जाता है। अगर आप भी उदयपुर घूमने का प्लान कर रहे हैं, लेकिन बजट को लेकर परेशान है। तो आपकों बता दें की सही प्लानिंग के साथ आप सिर्फ 3000 रुपए के आसपास के बजट में उदयपुर में दो दिन आसानी से घूम सकते हैं। खास बात यह है कि इस ट्रिप में आपको शहर की कई खूबसूरत जगहों को देखने के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।
जानकारी के लिए आपको बता दें की उदयपुर देश के कई बड़े शहरों से ट्रेन, बस और फ्लाइट के जरिए जुड़ा हुआ है। अगर आप कम बजट में यात्रा करना चाहते हैं तो ट्रेन या बस आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकता है। शहर पहुंचने के बाद रहने के लिए रेलवे स्टेशन या बस स्टैंड के आसपास बजट होटल, गेस्ट हाउस और धर्मशालाएं मिल जाती हैं। जानकारी के मुताबिक, यहां करीब 300 से 500 रुपए में साधारण कमरा या धर्मशाला और 500 से 700 रुपए के आसपास बजट रूम मिल सकता है।
अब बारी आती है उदयपुर घूमने की, शहर में घूमने के लिए आप स्कूटी किराए पर ले सकते हैं। सामान्य तौर पर बजट में स्कूटी करीब 250 से 300 रुपए प्रतिदिन के आसपास मिल सकती है। दो दिन के लिए स्कूटी का खर्च करीब 500 से 600 रुपए मान सकते हैं। स्कूटी लेकर आप उदयपुर की कई ऐसी जगहों पर जा सकते हैं, जहां घूमने के लिए कोई बड़ा एंट्री चार्ज नहीं देना पड़ता।
उदयपुर में घूमने के लिए जगदीश मंदिर, पिछोला झील के आसपास का इलाका, फतेहसागर झील, बड़ी लेक, नीमच माता मंदिर, करणी माता मंदिर और बाहुबली हिल्स जैसी जगहों को अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं। यहां पहुंचकर आप झीलों, पहाड़ियों और उदयपुर के खूबसूरत नजारों का आनंद ले सकते हैं। सुबह और शाम का समय इन जगहों को एक्सप्लोर करने के लिए खास माना जाता है।
इसके अलावा अगर आप उदयपुर के प्रसिद्ध सिटी पैलेस को भी देखना चाहते हैं और बजट कम रखना है तो इसके बाहरी हिस्से और आसपास के व्यू का आनंद लिया जा सकता है। पिछोला झील के आसपास घूमना भी अपने आप में एक शानदार अनुभव है। खासकर शाम के समय झील और आसपास की ऐतिहासिक इमारतों का नजारा काफी खूबसूरत दिखाई देता है। इस तरह बिना ज्यादा खर्च किए आप उदयपुर की कई खास लोकेशन कवर कर सकते हैं।
अब अगर बात खाने की करें तो उदयपुर में बजट ट्रैवलर्स के लिए खाने के काफी विकल्प हैं। सामान्य भोजन की थाली करीब 80 से 150 रुपए के आसपास मिल सकती है, जबकि नाश्ते में 20 से 50 रुपए के अंदर कई विकल्प मिल जाते हैं। उदयपुर की कचौरी भी कम बजट में ट्राई की जा सकती है। अगर आप खाने में थोड़ा हिसाब रखें तो दो दिनों के भोजन का खर्च करीब 500 से 700 रुपए के आसपास रखा जा सकता है।
इस तरह ट्रेन या बस से उदयपुर पहुंचने के बाद करीब 600 से 1000 रुपए रहने पर, 500 से 600 रुपए स्कूटी पर, करीब 500 से 700 रुपए खाने पर और बाकी रकम स्थानीय यात्रा व छोटे-मोटे खर्च के लिए रखकर आप 3000 रुपए के आसपास दो दिन का ट्रिप प्लान बना सकते हैं।