गर्मी में भट्टी जैसा बन जाता है कमरा? अपनाएं ये आसान ट्रिक, बिना AC मिलेगा ठंड का मजा
Udaipur Times, How to Keep Your Room Cool : इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। गर्मी के इस मौसम में घर के अंदर का तापमान इतना ज्यादा बढ़ जाता है कि बिना एसी के घर में टिकना मुश्किल हो जाता है। हर वक्त एसी का इस्तेमाल करने से बिजली का बिल बहुत ज्यादा बढ़ जाता है। हर किसी के लिए घर में एसी लगवाना भी तो मुश्किल है। आज हम आपको कुछ आसान और प्राकृतिक तरीके बताने जा रहे हैं जिनसे आप अपने घर को बिना एसी के ठंडा और आरामदायक रख सकते हैं।
क्रॉस वेंटिलेशन अपनाएं (Cross Ventilation) अपनाएं
घर को ठंडा रखने का सबसे आसान और प्रभावी तरीका है क्रॉस वेंटिलेशन। इसके लिए घर की विपरीत दिशा वाली खिड़कियां और दरवाजे खोलें, सुबह और शाम के समय ताजी हवा आने दें, हवा के रास्ते में कोई बड़ा फर्नीचर न रखें और दिन के ठंडे समय में वेंटिलेशन बनाए रखें। इससे घर के अंदर गर्म हवा बाहर निकल जाती है और ठंडी हवा अंदर आती रहती है, जिससे बिना किसी खर्च के घर ठंडा रहता है।
पर्दे भी बन सकते हैं “कूलिंग सिस्टम”
दोपहर के वक्त धूप वाली दिशा की खिड़कियों पर हल्के रंग के मोटे परदे, खस के परदे या सूती चादर को पानी में गीला करके टांग दें। इसका फायदा ये होगा कि जब बाहर की गर्म हवा इनसे टकराकर अंदर जायेगी तो घर ठंडा होगा।
इनडोर पौधों का उपयोग करें
घर में पौधे लगाने से न सिर्फ सुंदरता बढ़ती है, बल्कि प्राकृतिक ठंडक भी मिलती है। पौधे “ट्रांसपिरेशन” प्रक्रिया के जरिए हवा में नमी छोड़ते हैं, जिससे आसपास का वातावरण ठंडा और ताजा महसूस होता है। इन पौधों को खिड़कियों के पास, बालकनी में और कमरे के कोनों में रखें। इसका फायदा ये होता है कि हल्की प्राकृतिक ठंडक मिलती है, हवा की गुणवत्ता बेहतर होती है और घर ज्यादा फ्रेश लगता है।
रात के समय घर को ठंडा करने की आदत डालें
रात का वक्त घर से गर्मी बाहर निकालने का सबसे अच्छा समय होता है। इसके लिए सूर्यास्त के बाद खिड़कियां खोल दें, दिनभर जमा गर्मी को बाहर निकलने दें, अनावश्यक लाइट और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बंद करें और पंखे के सामने हल्का गीला कपड़ा या बर्फ का कटोरा रखें दें। इससे रात में घर जल्दी ठंडा होता है और अगले दिन भी तापमान कम रहता है।
छत पर चूने का लेप या वाइट वॉश लगवाएं
यदि आपका कमरा टॉप फ्लोर पर है तो छत पर क्विक लाइम (चूने का पानी) या रिफ्लेक्टिव कूल रूफ पेंट लगवायें। इसका फायदा ये होगा कि यह सूरज की किरणों को रिफ्लेक्ट कर देता है जिससे छत और दीवारें तपती नहीं हैं।
