यहां बनेगा डबल डेकर एलिवेटेड रोड ! 1200 करोड़ के प्रोजेक्ट से लोगों को मिलेगा बड़ा फायदा
Udaipur Times, Double Decker Elevated Road, Greater Noida : ग्रेटर नोएडा में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर करने और शहर की कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के बोर्ड ने गुरुवार को कई अहम फैसलों पर मुहर लगाई। ग्रेनो वेस्ट में एक मूर्ति गोल चक्कर से क्रॉसिंग रिपब्लिक में शाहबेरी नाले के पास तक डबल डेकर एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी। इसके बाद शाहबेरी नाले से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे तक सिंगल एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जाएगा। पूरे प्रोजेक्ट को दो चरणों में पूरा करने की योजना है और इसका निर्माण एनएचएआई द्वारा किया जाएगा।
इसके अलावा डिपो मेट्रो स्टेशन के पास से 105 मीटर चौड़ी सड़क को न्यू नोएडा क्षेत्र में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। इससे ग्रेटर नोएडा के लोगों को न्यू नोएडा और बील टोल प्लाजा के पास से सीधे ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे तक पहुंचने में सुविधा होगी। वहीं, रिठौरी के पास रेलवे लाइन पर फुट ओवर ब्रिज बनाने का भी फैसला लिया गया है।
डिपो स्टेशन से न्यू नोएडा तक प्रस्तवित हुई है रॉड
शहर में बेहतर कनेक्टिविटी के लिए डिपो मेट्रो स्टेशन से 105 मीटर चौड़ी सड़क को न्यू नोएडा क्षेत्र में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। फेस-1 में इस सड़क का करीब 6 किलोमीटर हिस्सा पहले ही तैयार हो चुका है। अब फेस-2 में डिपो मेट्रो स्टेशन के पास से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे तक करीब 12 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाना है।
इस सड़क के बनने से ग्रेटर नोएडा के लोगों को न्यू नोएडा और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर जाने के लिए बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
शाहबेरी में सड़क चौड़ी करने की जगह नहीं, इसलिए बनेगी डबल डेकर
ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी की बोर्ड बैठक गुरुवार को चेयरमैन दीपक कुमार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार, सीईओ एनजी रवि कुमार, नोएडा अथॉरिटी के सीईओ कृष्णा करुणेश, एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव, यीडा के ओएसडी शैलेंद्र सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में तय किया गया कि प्रोजेक्ट के पहले चरण में एक मूर्ति गोल चक्कर से शाहबेरी में नाले के पास तक डबल डेकर एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी। दरअसल, शाहबेरी क्षेत्र में मौजूदा सड़क को चौड़ा करने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं है। ऐसे में ट्रैफिक दबाव को कम करने और कनेक्टिविटी बनाए रखने के लिए यहां 3-लेन की डबल डेकर एलिवेटेड रोड बनाने का फैसला लिया गया है।
ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के बोर्ड ने दी निर्माण कार्य को हरी झंडी
पहला चरण: डबल डेकर एलिवेटेड रोड
मार्ग: एक मूर्ति गोल चक्कर से शाहबेरी नाले के निकट तक।
कारण: शाहबेरी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। इसलिए यहां 3-लेन की डबल डेकर एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी।
लागत: करीब 756.01 करोड़ रुपये।
दूसरा चरण: सिंगल एलिवेटेड रोड
मार्ग: शाहबेरी नाले से क्रॉसिंग रिपब्लिक होते हुए दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे तक।
कारण: इस हिस्से में पर्याप्त जगह उपलब्ध है, इसलिए यहां सिंगल एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी।
लागत: करीब 524 करोड़ रुपये।
दोनों चरण पूरे होने के बाद एक मूर्ति गोल चक्कर से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे तक सीधी और बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है। इससे ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट से दिल्ली की ओर आने-जाने वाले लोगों को राहत मिल सकती है।
चारों अथॉरिटी मिलकर उठाएंगी प्रोजेक्ट का खर्च
पूरे प्रोजेक्ट की लागत यमुना अथॉरिटी, नोएडा अथॉरिटी, ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी और गाजियाबाद अथॉरिटी आपस में समान रूप से वहन करेंगी। इस व्यवस्था से परियोजना के निर्माण का खर्च संबंधित प्राधिकरणों के बीच बांटा जाएगा।डबल डेकर और सिंगल एलिवेटेड रोड के साथ न्यू नोएडा को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाली सड़क के निर्माण से क्षेत्र की कनेक्टिविटी और मजबूत होने की उम्मीद है। खासकर ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले यात्रियों को इससे फायदा मिल सकता है।