उदयपुर में NH 48 पर RTO की कार्रवाई पर नाराज़ ड्राइवरों का हंगामा

 | 
Drivers agitation

 

 

Udaipur Times, Udaipur News: 19 जून 2026। उदयपुर में आरटीओ विभाग की कार्रवाई को लेकर नेशनल हाईवे-48 पर टोल नाके से काया के बीच उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब कुछ ड्राइवरों ने आरटीओ इंस्पेक्टर पर मनमानी वसूली के आरोप लगाते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। ड्राइवरों ने आरटीओ इंस्पेक्टर के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ। Udaipur News

हंगामे के दौरान आरटीओ इंस्पेक्टर चंचल माथुर हाईवे किनारे अपनी गाड़ी में बैठे रहे। करीब 40 मिनट तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद आरटीओ की ओर से गोवर्धन विलास थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर गोवर्धन विलास और सविना थाना पुलिस पहुंची तथा प्रदर्शन कर रहे ड्राइवरों को हटाकर यातायात सुचारू करवाया।  Udaipur News

ड्राइवरों का आरोप था कि हाईवे से गुजरने वाले वाहनों को रोककर 50 से 100 रुपए तक लिए जा रहे हैं। उनका कहना था कि इससे लंबा जाम लग जाता है और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।  Udaipur News

वहीं, उदयपुर आरटीओ अधिकारी ज्ञानदेव विश्वकर्मा ने सभी आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा, “ये लोग चालान से बचने के लिए हंगामा कर रहे हैं। पैसे मांगने जैसी कोई बात नहीं है। यदि इस तरह की कोई शिकायत सामने आती है तो उसकी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।”

आरटीओ अधिकारी ने आगे कहा, “हंगामा करने वाले ड्राइवरों के खिलाफ थाने में राजकार्य में बाधा पहुंचाने की शिकायत दर्ज करवाई गई है। पुलिस को घटनास्थल के फोटो और वीडियो भी उपलब्ध कराए गए हैं, जिनके आधार पर संबंधित लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।”  Udaipur News

आरटीओ के निर्देश पर शिकायत दर्ज कराने वाले इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया गया। उन्होंने कहा कि हंगामे से जुड़े वीडियो और फोटो पुलिस को सौंप दिए गए हैं तथा मामले की जांच जारी है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News