रेलवे फाटक उठाने वाला बन गया DSP, बिना कोचिंग क्रैक किया BPSC एग्जाम
Raju Kumar BPSC Success Story: बिना संघर्ष के कभी सफलता हासिल नहीं होती है। जिस व्यक्ति ने जीवन में जितना अधिक संघर्ष किया उतनी ही बड़ी सफलता भी हासिल की है। आज एक ऐसी ही कहानी हम आपके सामने लाए हैं। ये कहानी है बिहार के बेगूसराय जिले के मलमला गांव निवासी के राजू की जो पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारियों को संभालते हुए आगे बढ़े।
सबसे पहले रेलवे में प्वाइंट्समैन की नौकरी हासिल की। लेकिन उनका सपना था अफसर बनने का। नौकरी करते हुए उन्होंने अपने इस सपने को साकार करने के लिए BPSC की तैयारी शुरू कर दी। रेल फाटक उठाने और ट्रेन के प्वाइंट्स को जोड़ने आदि की 12 घंटे की नौकरी के बाद वह तैयारी करते थे। बिना कोचिंग उन्होंने BPSC एग्जाम क्रैक किया और अब DSP बन गए।
रेलवे की नौकरी के साथ पूरी की तैयारी
राजू कुमार रक्सौल रेलवे स्टेशन पर पॉइंट्समैन के पद पर कार्यरत थे। नौकरी की जिम्मेदारियों के साथ उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का सपना देखा और उसे पूरा करने के लिए लगातार मेहनत करते रहे।
आर्थिक तंगी और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच हासिल की सफलता
राजू कुमार के पिता स्वर्गीय राम कैलाश महतो और माता रेखा देवी ने कठिन परिस्थितियों में परिवार को संभाला। आर्थिक तंगी और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बावजूद राजू ने अपनी पढ़ाई और तैयारी जारी रखी।
70वीं बीपीएससी में मिली बड़ी सफलता
वर्ष 2026 में घोषित 70वीं बीपीएससी परीक्षा के परिणाम में राजू कुमार का चयन सीधे पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के प्रतिष्ठित पद के लिए हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और पूरे गांव में खुशी का माहौल है।
मेहनत के आगे छोटी पड़ गईं मुश्किलें
राजू कुमार की कहानी यह साबित करती है कि यदि इरादे मजबूत हों और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो कोई भी सपना अधूरा नहीं रहता। रेलवे की नौकरी की जिम्मेदारियों के बीच उन्होंने प्रशासनिक सेवा का सपना साकार कर दिखाया।
युवाओं के लिए बने प्रेरणा
राजू की सफलता उन लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। उनकी कहानी यह संदेश देती है कि संघर्ष चाहे कितना भी बड़ा हो, मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर सफलता जरूर मिलती है।
