DSP नेहा पर लगे अवैध वसूली के आरोप ! कॉन्स्टेबल और ड्राइवर को SP ने किया सस्पेंड, अब पलटे बयान मचा हड़कंप
DSP Neha Pachisia of backlash : मध्य प्रदेश के कटनी जिले की डीएसपी नेहा पच्चीसिया (DSP Neha Pachisia) एक बार फिर सुर्खियों में हैं। एक ट्रांसपोर्ट व्यवसायी ने उन पर वाहन जांच के दौरान अवैध वसूली का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद कटनी के पुलिस अधीक्षक (SP) अभिनय विश्वकर्मा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डीएसपी के चालक केशव सिंह को निलंबित कर दिया और मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) कमल मौर्य को सौंप दी। हालांकि बाद में शिकायतकर्ता अपने आरोपों से पीछे हट गया।
22 जुलाई की बताई गई घटना
ट्रांसपोर्ट व्यवसायी महेंद्र कुमार जैन ने 22 जुलाई को एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि 21 जुलाई की रात वाहन जांच के दौरान उनकी हाईवा गाड़ी रोककर 30 हजार रुपये की मांग की गई। शिकायत में कहा गया कि मौके पर 25 हजार रुपये नकद लिए गए, जबकि शेष 5 हजार रुपये अगले दिन चालक के माध्यम से मांगे गए।
एसपी ने की तत्काल कार्रवाई
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने प्रारंभिक जांच के आधार पर चालक एवं कॉन्स्टेबल केशव सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच एएसपी कमल मौर्य को सौंप दी गई।
तीन थानों का प्रभार बदला
इसी दौरान पुलिस विभाग ने नया कार्य विभाजन आदेश जारी करते हुए कुठला, माधवनगर और रंगनाथ नगर थानों को डीएसपी नेहा पच्चीसिया के कार्यक्षेत्र से हटाकर उनका प्रभार अजाक डीएसपी शिवा पाठक को सौंप दिया। हालांकि पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि यह जिम्मेदारी शिवा पाठक को प्रशासनिक अनुभव दिलाने के उद्देश्य से दी गई है।
शिकायतकर्ता आरोपों से पलटा
मामले में नया मोड़ तब आया जब शिकायतकर्ता महेंद्र जैन ने अपनी शिकायत वापस लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि उनके चालक ने डीएसपी के बारे में गलत जानकारी दी थी, जिसके आधार पर उन्होंने शिकायत दर्ज कराई। अब वह इस मामले में किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं चाहते।
जांच जारी
मामले की जांच कर रहे एएसपी कमल मौर्य ने बताया कि शिकायतकर्ता के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को सौंपी जाएगी। फिलहाल चालक निलंबित है और विभागीय जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की सच्चाई और आगे की कार्रवाई तय होगी।
