हरियाणा में अवैध कॉलोनियों पर DTP की बड़ी कार्रवाई, 38 एकड़ में चलाया बुलडोजर
Udaipur Times,Haryana news : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा के फरीदाबाद में अवैध निर्माणों के खिलाफ जिला नगर योजनाकार (DTP) विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कार्रवाई के तहत बुधवार को DTP एनफोर्समेंट की टीम ने नेशनल हाईवे-19 के पास सीकरी और प्याला गांव में विकसित की जा रही दो अवैध व्यावसायिक कॉलोनियों पर बड़ी कार्रवाई की। विभाग ने जेसीबी मशीनों की मदद से दोनों कॉलोनियों में किए गए निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, जिन दो कॉलोनियों पर DTP विभाग द्वारा कार्रवाई की गई, उनमें एक करीब 30 एकड़ और दूसरी लगभग 8 एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही थी। विभाग का कहना है कि दोनों कॉलोनियां बिना आवश्यक अनुमति के बनाई जा रही थीं। ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में DTP यजन चौधरी की निगरानी में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, विभाग ने बताया कि फरीदाबाद में अवैध निर्माण और बिना अनुमति संचालित व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले भी कई अवैध बैंक्वेट हॉल और व्यावसायिक निर्माणों पर कार्रवाई की जा चुकी है। विभाग के अनुसार, संबंधित पक्षों को पहले नोटिस जारी कर अवैध निर्माण हटाने और गतिविधियां बंद करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन नियमों का पालन नहीं किया गया। इसके बाद तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई।
DTP एनफोर्समेंट अधिकारी यजन चौधरी ने बताया कि जिले में जहां भी अवैध रूप से व्यावसायिक इकाइयां विकसित की जा रही हैं या बिना अनुमति संचालित की जा रही हैं, वहां आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।
