हरियाणा में अवैध तरीके से काटी जा रही कॉलोनियों पर DTP का बड़ा एक्शन, बुलडोजर चलाकर किया ध्वस्त

 | 

Udaipur Times, Haryana News, ऐलनाबाद, 21 मई : जिला नगर योजनाकार विभाग द्वारा शहरी राजस्व क्षेत्र ऐलनाबाद में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को अनधिकृत कॉलोनी निर्माण कार्य को ध्वस्त किया गया। यह कार्रवाई ऐलनाबाद के राजस्व क्षेत्र में बाई पास मोड़ नजदीक सब्जी मंडी में की गई। अभियान के दौरान कॉलोनी में बनाई गई अवैध कच्ची सड़कें, डीपीसी तथा डिमार्केशन पोल को हटाया गया। 

जिला नगर योजनाकार कर्मवीर झाझडिय़ा ने बताया कि यह कॉलोनी बिना किसी वैध अनुमति के लगभग 4 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही थी। जिला प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। उन्होंने बताया कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहरी क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के निर्माण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने जीवन की पूंजी अवैध निर्माणों या डीलर/भू-मालिकों द्वारा काटी जा रही अवैध कालोनियों में निवेश न करें क्योंकि इस तरह की विभागीय कार्यवाही समय-समय पर प्रशासन द्वारा अमल में लाई जाएगी। नागरिक अपनी पूंजी को निवेश करने से पहले जिला नगर योजनाकार कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस में आकर पूछताछ भी कर सकते हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News