हरियाणा के इन जिलों को इलेक्ट्रिक बसों की सौगात ! सभी छात्रों को मिलेगी मुफ़्त यात्रा

 | 

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा में ग्रीन पब्लिक ट्रांसपोर्ट व्यवस्था को नई दिशा देते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को पानीपत में इलेक्ट्रिक बस डिपो का उद्घाटन किया तथा 80 इलेक्ट्रिक सिटी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पानीपत की ऐतिहासिक और पावन धरती से आज हरियाणा में स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था के नए युग की शुरुआत हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरवार को रवाना की गई 80 इलेक्ट्रिक बसों में पानीपत के लिए 40, यमुनानगर के लिए 15, कुरुक्षेत्र और सोनीपत के लिए 10-10 तथा पंचकूला के लिए 5 बसें शामिल हैं। यह केवल बसें नहीं हैं, बल्कि हरियाणा के स्वच्छ, सुगम और आधुनिक भविष्य की नई शुरुआत हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पानीपत में लगभग 7 करोड़ रुपए की लागत से अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बस डिपो तैयार किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के 8 अन्य जिलों में भी इलेक्ट्रिक बस डिपो निर्माणाधीन हैं, जहां बसों की चार्जिंग की आधुनिक व्यवस्था उपलब्ध करवाई जाएगी। सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश को ‘ग्रीन इंडिया’, ‘नेट जीरो’ और ‘सस्टेनेबल डेवलपमेंट’ का विजन दिया है। पूरी दुनिया आज पर्यावरण संरक्षण और ग्रीन एनर्जी की दिशा में आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री ने पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने तथा इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने का आह्वान किया है और हरियाणा सरकार उसी सोच को धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक बस सेवा से पेट्रोल और डीजल पर निर्भरता कम होगी, प्रदूषण में कमी आएगी तथा लोगों को सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक यात्रा सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सिटी बस सर्विस लिमिटेड शहरी जीवन को अधिक सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। हाल ही में हरियाणा विजन-2047 के अंतर्गत परिवहन सेवाओं के अगले पांच वर्षों के रोडमैप की समीक्षा की गई है। तेजी से बढ़ते शहरी क्षेत्रों को देखते हुए शहरों में लोकल बसों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार बसों को रेलवे की तर्ज पर ट्रैकिंग सिस्टम से जोड़ने पर भी कार्य कर रही है, जिससे यात्री मोबाइल ऐप के माध्यम से बसों की लोकेशन और आगमन समय की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही एक वर्ष के भीतर 10 नए इलेक्ट्रिक बस स्टैंड बनाए जाएंगे तथा भविष्य में अधिक से अधिक इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर जिले और शहर में अधिक से अधिक इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी तथा प्रदेश में पीपीपी मोड पर ट्रैफिक स्टेशन भी स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि वर्तमान में पानीपत, यमुनानगर, करनाल, पंचकूला और रोहतक सहित 10 बड़े शहरों में सिटी बस सेवा उपलब्ध है। पहले से चल रही 75 ई-बसों में आज 80 नई बसें शामिल होने के बाद कुल संख्या 155 हो गई है।

उन्होंने कहा कि गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे महानगरों के लिए 650 स्टैंडर्ड फ्लोर एसी बसें शुरू की जा रही हैं। इसके अलावा चंडीगढ़-दिल्ली एयरपोर्ट-गुरुग्राम तथा चंडीगढ़ से कटरा, सालासर, खाटूश्याम, हरिद्वार और अमृतसर जैसे धार्मिक स्थलों के लिए 50 नई इलेक्ट्रिक एक्सप्रेस बसें खरीदी जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का भारत तेजी से बदल रहा है और हरियाणा भी आधुनिक तकनीक तथा स्मार्ट मोबिलिटी की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र में रोजगार और निवेश की अपार संभावनाएं हैं। ई-वाहन निर्माण, बैटरी तकनीक, चार्जिंग स्टेशन और ग्रीन टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में आने वाले वर्षों में हजारों नए रोजगार पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि हरियाणा राज्य परिवहन अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए वृद्धजनों, स्वतंत्रता सेनानियों, दिव्यांगों, कैंसर पीड़ितों और विद्यार्थियों सहित 39 श्रेणियों के लोगों को मुफ्त अथवा रियायती यात्रा सुविधा उपलब्ध करा रहा है। हैप्पी योजना के तहत गरीब परिवारों को हरियाणा रोडवेज बसों में सालाना 1000 किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा का लाभ दिया जा रहा है।

हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि लगभग 7 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से तैयार यह आधुनिक इलेक्ट्रिक बस डिपो सरकार की दूरदर्शी सोच और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार परिवहन सुविधाओं को मजबूत करने का कार्य कर रही है और इसका लाभ आम जनता को मिल रहा है।

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों का संचालन पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहल है। इन बसों के संचालन से लाखों किलो कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और प्रदूषण नियंत्रण को मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद संजय भाटिया,पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज , समालखा विधायक श्री मनमोहन  भड़ाना, बीजेपी की प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के अलावा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News