हरियाणा में बिजली निगम का फोरमैन गिरफ्तार, 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते ACB ने पकड़ा

 | 
हरियाणा में बिजली निगम का फोरमैन गिरफ्तार, 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते ACB ने पकड़ा 

चंडीगढ़ 18 नवंबर : हरियाणा में भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई करते हुए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB), करनाल रेंज की टीम ने जींद में बिजली कनेक्शन जारी करने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप में बिजली निगम के एक फोरमैन को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सतीश कुमार निवासी गांव मेहरड़ा, जिला जींद के रूप में हुई है। वह गांव गढ़ी नरवाना स्थित 132 केवी सब स्टेशन में फोरमैन के पद पर तैनात था।

- 3.60 लाख रुपये की रिश्वत की मांग, पहले भी ले चुका था 1.18 लाख रुपये

मामले के अनुसार, शिकायतकर्ता ने गांव उझाना में स्थित अपने पोल्ट्री फार्म के लिए 60.50 किलोवाट बिजली कनेक्शन हेतु 11 नवंबर 2026 को ऑनलाइन आवेदन किया था। इसके लिए उसने 9,922 रुपये की सिक्योरिटी फीस भी ऑनलाइन जमा करवाई थी। आरोप है कि इसके बाद 132 केवी सब स्टेशन, गढ़ी नरवाना में तैनात फोरमैन सतीश कुमार ने स्वयं को जूनियर इंजीनियर (जेई) बताकर शिकायतकर्ता से संपर्क किया और बिजली कनेक्शन के खर्च के नाम पर बिना किसी आधिकारिक रसीद के 3.60 लाख रुपये की अवैध मांग की। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने शुरुआत में 18 हजार रुपये तथा 16 नवंबर को बिजली के पोल खड़े करने के बाद एक लाख रुपये पहले ही ले लिए थे। इसके बाद आरोपी ने शेष राशि दिए बिना बिजली की तारें बिछाने से इनकार कर दिया।

- ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर बिछाया जाल, 2 लाख रुपये लेते पकड़ा

17 नवंबर को आरोपी ने शिकायतकर्ता से दोबारा संपर्क कर शेष 2 लाख रुपये की मांग की। रिश्वत देने के इच्छुक नहीं होने पर शिकायतकर्ता 18 नवंबर को रिश्वत मांगने से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग के साथ SV&ACB उप-केंद्र, जींद पहुंचा और मामले की शिकायत दी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए निरीक्षक मोहिंदर सिंह, इंचार्ज SV&ACB यूनिट जींद के नेतृत्व में टीम गठित कर जाल बिछाया गया। कार्रवाई के दौरान आरोपी सतीश कुमार को शिकायतकर्ता से 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

- भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई जारी

आरोपी के विरुद्ध FIR संख्या 32, दिनांक 18 नवंबर 2026, धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत थाना SV&ACB, करनाल रेंज, करनाल में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच की जा रही है।

हरियाणा पुलिस आमजन से अपील करती है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत SV&ACB के टोल-फ्री नंबर 1064 या 1800-180-2022 पर करें। व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 पर भी शिकायत भेजी जा सकती है। नागरिक ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से भी भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। शिकायतकर्ता की पहचान और गोपनीयता को बनाए रखने को प्राथमिकता दी जाती है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News