हरियाणा में बिजली विभाग का क्लर्क और लाइनमैन गिरफ्तार, 5 हजार की रिश्वत लेते ACB टीम ने पकड़ा
Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB), गुरुग्राम की टीम ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN), नूंह में कार्यरत एक क्लर्क तथा एक लाइनमैन को ₹5,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलमान खान, लिपिक (एलडीसी), डीएचबीवीएन, नूंह तथा फारुख, लाइनमैन, डीएचबीवीएन, उजीना, जिला नूंह के रूप में हुई है।
क्या था मामला
शिकायतकर्ता ने राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को शिकायत दी थी कि उसका बिजली बिल लगभग ₹44,000 आया है। बिल में संशोधन कराने तथा नया बिजली मीटर लगाने के एवज में बिजली विभाग के कर्मचारियों द्वारा उससे ₹14,000 से ₹15,000 रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत का सत्यापन करने के उपरांत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, गुरुग्राम की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान लाइनमैन फारुख तथा क्लर्क सलमान खान को शिकायतकर्ता से ₹5,000 की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
रिश्वत की राशि आरोपियों के वाहन से बरामद की गई। इस संबंध में आरोपियों के विरुद्ध थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, गुरुग्राम में एफआईआर संख्या 26 दिनांक 04.08.2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित) की धारा 7 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। ट्रैप कार्रवाई के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पूर्णतः पालन किया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।
