गोबर और कचरे से बनेगी बिजली ! केंद्र सरकार की मंजूरी, यहां बनेगा आधुनिक हाईवे नेटवर्क

 | 
गोबर और कचरे से बनेगी बिजली ! केंद्र सरकार की मंजूरी, यहां बनेगा आधुनिक हाईवे नेटवर्क

Udaipur Times, Gobardhan Scheme : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में स्वच्छ ऊर्जा, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आधारभूत ढांचे को नई गति देने वाले दो बड़े फैसलों पर मुहर लगाई गई। मंत्रिमंडल ने 23 हजार 731 करोड़ रुपये की लागत वाली राष्ट्रीय सर्कुलर बायोएनर्जी योजना को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही असम में 8 हजार 970 करोड़ रुपये की लागत से बैहाटा चारियाली (गुवाहाटी) से तेजपुर तक 135.87 किलोमीटर लंबे फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग-15 के निर्माण को भी स्वीकृति प्रदान की गई। 

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी देते हुए कहा कि गोबर्धन योजना भारत की स्वच्छ ऊर्जा क्रांति का नया अध्याय साबित होगी। इसके जरिए कृषि अवशेष, गोबर, शुगर मिलों का प्रेसमुड, नगर निकायों के जैविक कचरे और अन्य बायोमास संसाधनों को कंप्रेसड बायोगैस, जैविक खाद और आर्थिक संपदा में बदला जाएगा। उन्होंने बताया कि यह योजना 2026-27 से 2035-36 तक लागू रहेगी। इसका उद्देश्य देश में सीबीजी उत्पादन को लगभग दस गुना बढ़ाना, बड़े पैमाने पर निजी निवेश आकर्षित करना और सर्कुलर बायोइकोनॉमी को मजबूत करना है।

आधुनिक हाईवे नेटवर्क

कैबिनेट की आर्थिक मामलों की समिति ने असम में राष्ट्रीय राजमार्ग-15 पर बैहाटा चारियाली से तेजपुर तक चार लेन सड़क निर्माण परियोजना को भी मंजूरी दी। यह परियोजना बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर टोल मॉडल पर विकसित की जाएगी। परियोजना के तहत 58.7 किलोमीटर लंबे पांच प्रमुख बाईपास बनाए जाएंगे, जिससे बैहाटा चारियाली, सिपाझार, खरुपेटिया, डेकियाजुली और तेजपुर जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम होगा। 

इसके अलावा तेजपुर बाईपास पर भारतीय वायुसेना के समन्वय से आपातकालीन विमान लैंडिंग सुविधा भी विकसित की जाएगी, जिससे जरूरत पड़ने पर सैन्य विमानों का संचालन संभव हो सकेगा। सरकार के अनुसार नई सड़क बनने से इस मार्ग पर वाहनों की औसत गति लगभग दुगुनी हो जाएगी और यात्रा का समय आधा रह जाएगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News